सुनीता राजपाल 36 वर्ष की सेवा के बाद सेवानिवृत्त।
कर्मचारियों के अधिकारों के लिए निभाई सक्रिय भूमिका ।

बैतूल। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका एकता यूनियन की जिला अध्यक्ष श्रीमती सुनीता राजपाल के सेवा निवृत्त होने पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। वे ग्राम खापा में पिछले 36 वर्षों से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में सेवाएं दे रही थीं और 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हुईं।
राजपाल परिवार द्वारा फोरलेन स्थित जेवन रेस्टोरेंट में आयोजित इस कार्यक्रम में परिजन, रिश्तेदार और शुभचिंतक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह में आयकर सलाहकार एवं समाजसेवी राजीव खंडेलवाल, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी निर्मल सिंह ठाकुर, सेक्टर सुपरवाइजर दीप्ति मेश्राम, पाल धनगर समाज के सचिव शिवकिशोर पाल सहित यूनियन की पदाधिकारी आशा सुरजे, पुष्पा वाईकर, इंदिरा भारद्वाज, गीता मालवी, आरएल पाल और प्रेमलता पाल शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन उनकी बड़ी बहन द्वारा किया गया। वक्ताओं ने श्रीमती राजपाल की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बच्चों और महिलाओं के हित में लगातार कार्य किया तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के अधिकारों के लिए भी सक्रिय भूमिका निभाई।
परियोजना अधिकारी निर्मल सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में उनके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने हर मौसम में जमीनी स्तर पर सेवाएं दीं और कर्मचारियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह में पत्रकार रामकिशोर पवार, उमाकांत शर्मा, राहुल नागले सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में राजपाल परिवार द्वारा प्रीतिभोज का आयोजन किया गया।




