Congress news: चिचोली में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का उग्र प्रदर्शन, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर किया चक्का जाम

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की अव्यवस्था, शासकीय कॉलेज, कृषि मंडी खोले जाने सहित किसानों को मुआवजा देने की कर रहे मांग

BETUL NEWS : बैतूल। जय स्तंभ चौक चिचोली में शनिवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर उग्र प्रदर्शन किया। सैकड़ो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर चक्का जाम कर दिया। दरअसल, कांग्रेसी चिचोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फैली अव्यवस्था से जमकर नाराज है। इसके साथ ही क्षेत्र में शासकीय कॉलेज, कृषि मंडी खोले जाने सहित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की जा रही है। विधायक ब्रह्मा भलावी के नेतृत्व में सैकड़ो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। एसडीएम के आश्वासन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया। इसके बाद कलेक्टर के नाम तहसीलदार चिचोली को ज्ञापन सौंपा गया।

ब्लॉक अध्यक्ष विजय आर्य ने बताया कि चिचोली विकास खण्ड का एक मात्र सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अव्यवस्था का केन्द्र बनकर रह गया है। दिन-प्रतिदिन समस्याएं कम होने के बजाय बढ़ती ही जा रही है। अनेक बार शासन-प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद भी प्रशासन मौन है और आंखे बंद कर बैठा हुआ है। इस कारण से असमय ही लोग ईलाज न मिलने के कारण काल के गाल में समाते जा रहे है। चिचोली क्षेत्र में वर्षों शासकीय महाविद्यालय की मांग की जा रही है, इस ओर भी प्रशासन कोई ध्यान नही दे पा रहा है। किसानों के लिये मंडी की मांग भी लम्बे समय से की जा रही है। इस पर भी कोई विचार नही किया जा रहा है। कुछ समय पूर्व अधिक वर्षा आंधी-तुफान से किसानों की फसले नष्ट हो गई है। लेकिन न तो सर्वे किया गया न ही कोई प्रशासनिक अमला किसानों की सुध लेने उनके खेतों में पहुचा, न ही शासन एवं सरकार के द्वारा उन्हें आर्थिक सहायता दी गई।

प्रदर्शन में यह रहे मौजूद

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के इस धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से विधायक ब्रह्मा भलावी, ब्लॉक अध्यक्ष विजय आर्य, विधायक प्रतिनिधि बटनू पटेल, प्रदीप शुक्ला, डॉ.कमलेश सोनी, सुभाष यादव, राहुल पटेल, ऋषि सिरसाम, राजकुमार मालवी, राजकुमार सोनी, रूपेश आर्य, किसान मोर्चा अक्कू पटेल, बादामी यादव, पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष छोटू यादव, सरपंच जगदीश कड़वे, सैम आर्य, युवा काग्रेस अध्यक्ष राहुल चंदेलकर, अल्प संख्यक ईदरिश ख़ान, हन्नी सोनी हर्ष भुसारी, मिक्की आर्य, अंगद यादव, कपिल यादव, रोहित आर्य, पार्षद सोनू, सरपंच प्रशांत आर्य, विकाश आर्य, क्रशांसु बावने, स्वप्निल जायसवाल, आयुष आर्य, महिला कांग्रेस इंद्रा बड़ौदे, पुष्पा मर्सकोले, कांग्रेस संगठन के पदाधिकारी एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चिचोली का उन्मुखीकरण कर सिविल अस्पताल बनाया जाए। वर्तमान समय में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में एक भी डॉक्टर की पदस्थापना नही है। जिस कारण से मरीजों को सबसे ज्यादा कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। लोग ईजाल के अभाव में दम तोड रहे है। कोई उनकी सुध लेने वाला नही है। पुरूष सहित महिला डॉक्टर की पदस्थापना की जाए। 26 सितम्बर 2023 को सर्पदंश से पीड़ित आदिवासी समाज के साबाढाना चुडिया निवासी भूरा पिता छतरपाल उइके का अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से इलाज न होने के कारण जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में निधन हो गया। उसके 4 बच्चे अनाथ हो गये। मृतक की पत्नी के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया। अस्पताल प्रबंधन पर कार्यवाही की जाए। पीड़ित परिवार को तत्काल शासन से 15 लाख रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

शासकीय अस्पताल की भूमि पर नगर परिषद् चिचोली द्वारा शासन प्रशासन को गुमराह कर गलत तरीके से बगैर स्वास्थ्य विभाग की अनुमति लिये धोखे से करवाए गये उक्त जमीन के आवंटन को जनहित को दृष्टिगत रखते हुये निरस्त किया जाए। व्यक्तिगत स्वार्थ के लिये कराये जा रहे बस स्टैंड निर्माण कार्य को तत्काल जनहित में रोका जाए। निर्माण सामग्री को वहां से हटाया जाए, उक्त जमीन को तत्काल स्वास्थ्य विभाग को वापस की जाए। एक मात्र पदस्थ्य डॉक्टर के इस्तीफा देने के कारणों की जांच की जाए। सम्पूर्ण सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का परिसर व स्टाफ क्वाटर सहित सीमांकन किया जाकर चारों ओर बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य तत्काल किया जाए। चिचोली क्षेत्र में शासकीय महाविद्यालय न होने के कारण हजारों विद्यार्थी शिक्षा से वंचित हो रहे है।

कई वर्षों से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड किया जा रहा है। इतनी संवेदनशील समस्या पर भी ध्यान नही दिया जाना समझ से परे है। तत्काल क्षेत्र में उच्च शिक्षा हेतु शासकीय महाविद्यालय की स्थापना की जाए। किसानों को फसलों की छतिपूर्ति एवं बीमा राशि तत्काल डाली जाए। चिचोली क्षेत्र में किसानों की समस्या को देखते हुए तत्काल कृषि उपज मण्डी खोली जाए। अन्यथा आगामी समय में चिचोली बंद एवं उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button