भोलेनाथ टेकड़ी पर लगी आग बुझाते समय आरक्षक के हाथ झुलसे।

रात 11 बजे झाड़ियों में भड़की थीं आग, पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर पाया काबू। रास्ता नहीं होने से फायर ब्रिगेड नहीं पहुंच पाई, पुलिस की तत्परता से टली अनहोनी।

बैतूल। घोड़ाडोंगरी ब्लॉक के ग्राम पाढर स्थित पुलिस चौकी के पीछे भोलेनाथ टेकड़ी पर रविवार रात करीब 11 बजे अचानक आग भड़क उठी। झाड़ियों में तेजी से फैलती आग की लपटें देखकर पाढर चौकी प्रभारी छत्रपाल धुर्वे सहित 112 के आरक्षक दिनेश धुर्वे, बंडू दरवाई, अर्जुन मांडेकर और पूर्व सरपंच कमलेश काकोड़िया मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।

आग पर काबू पाने के लिए टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। झाड़ियों को तोड़कर और लगातार प्रयास करते हुए आखिरकार आग को नियंत्रित किया गया। इस दौरान आग बुझाने में जुटे आरक्षक दिनेश धुर्वे के दोनों हाथ झुलस गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि आग जिस पहाड़ी पर लगी थी, उसके पास ही इंदिरा कॉलोनी स्थित है। समय पर आग नहीं बुझाई जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया, लेकिन दुर्गम स्थान होने के कारण वाहन वहां तक नहीं पहुंच पाया।

ऐसे में पुलिस कर्मियों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए खुद ही आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button