स्वास्थ्य शिविर 754 मरीजों को मिला उपचार।
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ आयोजन। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने दी सेवाएं।

बैतूल। भीमपुर में गुरुवार 23 अप्रैल को स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 754 मरीजों को उपचार एवं स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया गया। शिविर का आयोजन प्रशासनिक अधिकारियों के मार्गदर्शन में सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर का संचालन एसडीएम अजीत मरावी, जनपद अध्यक्ष भैयालाल इरपचे, तहसीलदार वसंत बरखनिया तथा बीएमओ डॉ. दीपक निगवाल के मार्गदर्शन में किया गया। अधिकारियों की निगरानी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर स्थल पर ही विभिन्न बीमारियों की जांच और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की।
शिविर में सामान्य रोगों के साथ-साथ मौसमी बीमारियों, बुखार, सर्दी-खांसी सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित मरीजों की जांच की गई। जरूरतमंदों को मौके पर ही दवाइयां वितरित की गईं और गंभीर मरीजों को आगे के उपचार के लिए उचित परामर्श दिया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों में स्वास्थ्य परीक्षण को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही शिविर में मरीजों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी, जो देर शाम तक बनी रही। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने व्यवस्थित तरीके से पंजीयन, जांच और उपचार की प्रक्रिया को पूरा किया, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। बीपीएम, बीसीएम, समस्त सीएचओ, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं ने मरीजों को शिविर तक लाकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार सुनिश्चित कराया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में रहने वाले लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों को रोका जा सके। शिविर के सफल आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना की।




