महिला आरक्षण के समर्थन में 24 अप्रैल को भोपाल में कांग्रेस का पैदल मार्च, बैतूल से हजारों कार्यकर्ता होंगे शामिल।

बैतूल। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने की मांग को लेकर 24 अप्रैल को भोपाल में आयोजित कांग्रेस के शांतिपूर्ण पैदल मार्च में बैतूल जिले से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की तैयारी है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा और संगठन महामंत्री बृजभूषण पांडे ने जिले के समस्त ब्लॉक, उपब्लॉक, मंडलम, प्रकोष्ठ, मोर्चा संगठन और विभागों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से इस जनआंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपने साथियों सहित भोपाल पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाना राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी को उनका संवैधानिक अधिकार दिलाने का प्रश्न है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में बिल पारित होने के बावजूद अब तक इसे लागू नहीं करना महिलाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने इस गंभीर विषय को भी चुनावी हथकंडा बना दिया है और महिलाओं की भावनाओं के साथ छल किया है।

निलय डागा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं के अधिकारों के पक्ष में खड़ी रही है और आगे भी उनके सम्मान और हिस्सेदारी के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने जिले के सभी कांग्रेसजनों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में भोपाल पहुंचकर इस शांतिपूर्ण पैदल मार्च में शामिल हों और महिला सशक्तिकरण की इस लड़ाई को मजबूत करें।

प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार यह पैदल मार्च 24 अप्रैल को शाम 4 बजे प्लेटिनम प्लाजा, माता मंदिर भोपाल से प्रारंभ होकर रोशनपुरा चौराहा तक निकाला जाएगा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए यह आंदोलन निर्णायक साबित होगा और इसमें व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button