शादियों के सीजन में रात 10 बजे के बाद डीजे, बैंजो, धुमाल पर पूर्ण प्रतिबंध।

पुलिस कंट्रोल रूम में डीजे संचालकों की हुई अहम बैठक। निर्देशों का पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई। आयोजकों से भी नियमों का पालन करने की अपील।

बैतूल। पुलिस कंट्रोल रूम में बुधवार 22 अप्रैल को जिले के सभी डीजे संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसपी वीरेंद्र जैन ने शादियों के सीजन को ध्यान में रखते हुए रात्रि 10 बजे के बाद डीजे संचालन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आदेश डीजे तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बैंजो और धुमाल जैसे अन्य साउंड सिस्टम पर भी समान रूप से लागू रहेगा।

बैठक में एडिशनल एसपी कमला जोशी, एसडीओपी सुनील लाटा, नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडेय, थाना प्रभारी गंज, कोतवाली सहित जिलेभर के डीजे संचालकों की उपस्थिति रही, जिनसे पुलिस प्रशासन ने सीधे संवाद कर नियमों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही। अधिकारियों ने बताया कि ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने और आमजन को राहत देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। देर रात तक तेज आवाज में संगीत बजने से बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को परेशानी होती है, जिसे ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।

अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई संचालक निर्धारित समय के बाद डीजे या अन्य साउंड सिस्टम का संचालन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें उपकरण जब्ती और कानूनी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले आयोजकों को भी जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

बैठक के दौरान डीजे संचालकों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे सभी निर्धारित समय सीमा का पालन करेंगे और अपने ग्राहकों को भी इस संबंध में पहले से जानकारी देंगे। संचालकों ने आयोजकों से भी सहयोग की अपील की है ताकि किसी प्रकार की परेशानी या कार्रवाई से बचा जा सके।

पुलिस प्रशासन ने आमजन और आयोजकों से भी अपील की है कि वे रात्रि 10 बजे के बाद किसी भी प्रकार के तेज ध्वनि उपकरण का उपयोग न करें और नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button