क्रिकेट स्टेडियम निर्माण को मिली हरी झंडी।

सीएमओ नवनीत पाण्डेय ने विधायक हेमंत खंडेलवाल की अनुसंशा पर किया स्थल निरीक्षण । अभिनंदन सरोवर के पीछे 212 दुकानों का पीपीपी कॉम्पलेक्स प्रस्तावित, डीपीआर शासन को भेजी । वर्षा पूर्व मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने उपयंत्री को मौके पर दिए निर्देश।

बैतूल। शहर में खेल और व्यवसायिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय ने विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की अनुसंशा पर उत्कृष्ट स्कूल के पीछे प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि स्टेडियम निर्माण का टेण्डर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और आगामी एक सप्ताह के भीतर संबंधित ठेकेदार को कार्यादेश जारी कर दिया जाएगा। कार्यादेश जारी होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर परियोजना को गति दी जाएगी।

निरीक्षण के क्रम में ही अभिनंदन सरोवर के पीछे प्रस्तावित व्यवसायिक कॉम्पलेक्स के स्थल का भी जायजा लिया गया। विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से इस परियोजना को पीपीपी मोड पर विकसित करने की योजना बनाई गई है, जिसमें कुल 212 दुकानों का निर्माण प्रस्तावित है। इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेज दी गई है। शासन स्तर से स्वीकृति मिलते ही आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे शहर में व्यापारिक गतिविधियों को नया आधार मिलेगा।

इसके अलावा अभिनंदन सरोवर के पीछे स्थित गुमठी क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया, जहां के दुकानदार पिछले कई दिनों से बिजली समस्या से परेशान हैं। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय ने मौके पर ही विद्युत प्रभारी नीरज धुर्वे, सहायक यंत्री को निर्देश दिए कि अधिकतम 10 दिनों के भीतर बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि दुकानदारों को राहत मिल सके।

साथ ही वर्षा ऋतु के पूर्व गुमठी क्षेत्र में सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके लिए उपयंत्री नगेन्द्र वागद्रे को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त करें और क्षेत्र में जलभराव या अन्य समस्याएं उत्पन्न न होने दें। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराए जाएं, जिससे शहरवासियों को योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button