बैतूल में 2 अप्रैल को निकलेगी श्री मेंहदीपुर बालाजी की भव्य स्वर्ण रथ यात्रा।

रामलला, आदियोगी शिव और बाहुबली हनुमानजी की झांकियां बढ़ाएंगी आकर्षण। पांच स्थानों पर महाआरती, पंचमेवा प्रसाद का होगा वितरण। महिला-पुरुष अलग रस्सों से खींचेंगे रथ, सुरक्षा के विशेष इंतजाम।

बैतूल। श्री मेंहदीपुर बालाजी भक्त मंडल समिति द्वारा हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर आज गुरुवार 2 अप्रैल को शाम 5 बजे श्री मेंहदीपुर बालाजी की भव्य स्वर्ण रथ यात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा कोठी बाजार स्थित श्री अर्जी वाले हनुमानजी मंदिर, न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड के सामने से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए गंज के बड़ी माता मंदिर पर समाप्त होगी।

समिति के अनुसार इस वर्ष रथ को स्वर्ण आभा के साथ विशेष नक्काशी और रंग-रोगन कर आकर्षक रूप दिया गया है, जिसे स्थानीय कलाकारों ने तैयार किया है। अयोध्या से पधारे महामंडलेश्वर राघवदास जी महाराज पहली महाआरती में शामिल होकर बालाजी महाराज की आरती करेंगे।

रथयात्रा में इस बार विशेष झांकियों का समावेश किया गया है। अयोध्या के रामलला की प्रतिकृति, कोयंबटूर के आदियोगी शिव की झांकी तथा बाहुबली हनुमानजी अपनी वानर सेना के साथ आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

यात्रा में महिला और पुरुष श्रद्धालु अलग-अलग रस्सों से रथ खींचेंगे, जिनकी लंबाई भी बढ़ाई गई है। समिति के कार्यकर्ता सुरक्षा और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। बैतूल के न्यू भारत बैंड, न्यू विजय धमाल बैंड, रंगीला बैंड और बालाजी डीजे भजनों व संगीत से माहौल भक्तिमय बनाएंगे।

रथयात्रा के दौरान पांच स्थानों पर महाआरती होगी, जिनमें अर्जी वाले हनुमान मंदिर, दीक्षित निवास थाना रोड, लल्ली चौक, बिजासनी माता मंदिर और गंज स्थित माता मंदिर शामिल हैं। लल्ली चौक पर विशेष आतिशबाजी भी की जाएगी और आरती के बाद पवित्र जल के छींटे दिए जाएंगे।

समिति द्वारा पंचमेवा, पांच प्रकार के लड्डू और हलवा का महाभोग अर्पित कर भक्तों में महाप्रसादी वितरित की जाएगी। साथ ही चांदी के छत्र, चरण और जनेऊ से सुसज्जित रथ श्रद्धा का केंद्र बनेगा।

भक्त रथयात्रा के दौरान लाल कपड़े में सिक्के, चावल और मनोकामना पत्र के साथ अपनी अर्जी भी चढ़ा सकेंगे, जिन्हें समिति द्वारा मेंहदीपुर बालाजी धाम राजस्थान भेजा जाएगा। समिति ने श्रद्धालुओं से रथ को 11 कदम खींचकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button