एक ही फर्म को 8-9 साल से मिल रहा कचरा टेंडर, जांच की मांग ।
टेंडर शर्तें जटिल बनाकर स्थानीय ठेकेदारों को किया जा रहा बाहर, जनसुनवाई में उठाया मुद्दा।

बैतूल। नगर पालिका के कचरा संग्रहण टेंडर को लेकर जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई गई है। आवेदक विवेक मालवीय सहित शहर के अन्य नागरिकों ने कलेक्टर से मांग की है कि पिछले 8-9 वर्षों से एक ही फर्म को लगातार टेंडर दिए जाने की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
शिकायत में बताया गया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत वार्डों में सफाई, कचरा संग्रहण और परिवहन का कार्य लंबे समय से एक ही फर्म को सौंपा जा रहा है। आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में जानबूझकर जटिल शर्तें रखी जाती हैं, जिससे स्थानीय ठेकेदार इसमें भाग नहीं ले पाते और उन्हें काम का अवसर नहीं मिल पाता।
आवेदकों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित फर्म पर कई तरह की अनियमितताओं के आरोप लगते रहे हैं, इसके बावजूद उसे लगातार काम दिया जा रहा है। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और सभी योग्य स्थानीय ठेकेदारों को मौका देने की मांग की है।
कलेक्टर से मांग की गई है कि पूरे मामले की विधिवत जांच कराकर टेंडर को निरस्त कर पुनः टेंडर जारी किया जाए, साथ ही नगरपालिका द्वारा रखी जा रही अनावश्यक शर्तों को हटाया जाए, ताकि प्रतिस्पर्धा बढ़े और स्थानीय ठेकेदारों को लाभ मिल सके।




