वेयरहाउस संचालकों को वैज्ञानिक भंडारण का दिया प्रशिक्षण।
गुणवत्ता परीक्षण और कीटोपचार पर दिया मार्गदर्शन। डिजिटल मॉइस्चर मीटर रखने की दी सलाह। जिलेभर से पहुंचे सौ से अधिक संचालक।

बैतूल। रबी सीजन 2026-27 में उपार्जित गेहूं, चना और मसूर के गुणवत्ता परीक्षण, सुरक्षा, कीटोपचार और वैज्ञानिक पद्धति से उचित रखरखाव के लिए शनिवार दोपहर 1:30 बजे कृषक कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के जिला कार्यालय सभाकक्ष में एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में बैतूल, आठनेर, भैंसदेही, भीमपुर, बालाजीपुरम, घोड़ा डोंगरी, शाहपुर और हिड़ली सहित विभिन्न क्षेत्रों से मुन्ना मानकर, विवेक शुक्ला, निक्कू आर्य, भानुप्रताप आवठे, सुरेंद्र खलतकर, पवन साहू, जगदीश राठौर, उज्जवल पांसे सहित करीब एक सैकड़ा से अधिक वेयरहाउस संचालक शामिल हुए।
जिला प्रबंधक नर्मदा प्रसाद कीर, मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन, बैतूल ने स्कंध के रखरखाव, सुरक्षा और कीटोपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। भारतीय खाद्य निगम की मिताली मरकाम ने भंडारण से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और संचालकों को डिजिटल मॉइस्चर मीटर रखने की सलाह दी, जिसमें नमी के साथ समय का प्रिंट भी उपलब्ध हो।
आठनेर से खेमकुमारी, भैंसदेही से मुकेश भलावी और भीमपुर से विद्या सी मैया सहित शाखा प्रबंधकों ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में एसडीओ कृषि रामवीर सिंह राजपूत और नम्रता भट्टी भी मौजूद रहे। अंत में मुकेश भलावी ने सभी अधिकारियों और संचालकों का आभार व्यक्त किया।




