रामनवमी पर योग-यज्ञ के साथ गुरुदक्षिणा समर्पण कार्यक्रम सम्पन्न।

स्वामी रामदेव के संन्यास दीक्षा दिवस पर विशेष आयोजन। विजय भवन में नि:शुल्क योग कक्षा का शुभारंभ, रोज सुबह होगी कक्षा।

बैतूल। रामनवमी के अवसर पर भारत स्वाभिमान न्यास, बैतूल द्वारा गंज स्थित जिला कार्यालय में योग, यज्ञ एवं गुरुदक्षिणा-समर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के प्राकट्य पर्व और योगऋषि प.पूज्य स्वामी रामदेव के संन्यास दीक्षा दिवस के उपलक्ष्य में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लिया। पूरे परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

जिला प्रभारी सुनील कुबड़े ने बताया कि स्वामी रामदेव ने वर्ष 1995 में रामनवमी के दिन 29 वर्ष की आयु में संन्यास दीक्षा ली थी। इसी कारण पतंजलि योगपीठ द्वारा हर वर्ष इस दिन को संन्यास दीक्षा महोत्सव के रूप में मनाया जाता है और जिले की सभी तहसीलों में योग, यज्ञ व गुरुदक्षिणा-समर्पण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

कार्यक्रम में साधकों ने वैदिक ऋचाओं के साथ हवन-यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं और देश की सुख-समृद्धि, शांति व प्रगति की कामना की। पतंजलि युवा भारत के जिला प्रभारी हितेश पटेल और सह जिला प्रभारी लोकेश वर्मा ने विधि-विधान से यज्ञ सम्पन्न कराया और भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। कोषाध्यक्ष विनोद परिहार ने स्वामी रामदेव के तप, त्याग और राष्ट्रसेवा पर प्रकाश डाला।

अंत में सभी ने नियमित योगाभ्यास, संस्कारित जीवनशैली और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में योग शिक्षिका ज्योति देशमुख, तहसील प्रभारी संतोष तोमर, सुनील मेसरे, मिश्रीलाल डडोरे, नर्मदा प्रसाद साहू, श्रीकांत वर्मा सहित हनुमान मंदिर गर्ग कॉलोनी के योग साधक उपस्थित रहे।

– विजय भवन में नि:शुल्क योग कक्षा का शुभारंभ

गंज स्थित विजय भवन में नि:शुल्क योग कक्षा का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्य योग शिक्षक हितेश पटेल ने बताया कि कक्षा प्रतिदिन सुबह 5:30 से 7 बजे तक संचालित होगी और नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर लाभ लेने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button