दुर्गाष्टमी पर केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने वृद्धाश्रम और शिशु संस्थान में किया सेवा कार्य।
वृद्धजनों को तिलक लगाकर लिया आशीर्वाद, जरूरत का सामान किया भेंट। शिक्षा के साथ मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की सराहनीय पहल।

बैतूल। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, बैतूल में शिक्षा के साथ-साथ मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में गुरुवार 26 मार्च को दुर्गाष्टमी के अवसर पर विशेष सामाजिक सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य आर. एन. पांडेय के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ, जिसमें प्राचार्य, स्टाफ, अभिभावक और स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
विद्यालय परिवार ने सेवा भारती द्वारा संचालित आनंद धाम वृद्धाश्रम संस्थान बैतूल और मातृ छाया शिशु संस्थान दादावाड़ी बैतूल का भ्रमण किया। वृद्धाश्रम पहुंचकर शिक्षकों और विद्यार्थियों ने वहां रह रहे बुजुर्गों को तिलक लगाकर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान विद्यालय की ओर से दो कूलर, 50 लीटर की स्टील पानी की टंकी, एक प्रेशर कुकर और बर्तन रखने के लिए एक स्टैंड भेंट किया गया।
इसके बाद दल ने मातृ छाया शिशु संस्थान का भी दौरा किया, जहां जरूरतमंद बच्चों को कपड़े, कॉपियां, पुस्तकें, क्रेयॉन कलर्स और पेंसिल बॉक्स सहित अन्य उपयोगी सामग्री वितरित की गई। बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान ने इस सेवा कार्य को और भी सार्थक बना दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक तपन श्रीवास्तव, अर्पिता हजारे, सीमा साहू और स्काउट गाइड शिक्षक गयादीन बनखेड़े सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्य निरंतर करते रहने का संकल्प लिया और दोनों संस्थाओं के प्रबंधन की सराहना की।




