झाडेगांव में विद्यारंभ कार्यक्रम में नन्हें बच्चों को मिला प्रमाण-पत्र।

बैतूल। बाल विकास परियोजना बैतूल ग्रामीण सेक्टर बैतूल-2 के ग्राम झाडेगांव में विद्यारंभ कार्यक्रम एवं ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी केंद्र में शाला पूर्व शिक्षा प्राप्त कर रहे 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को “विद्यारंभ प्रमाण-पत्र” प्रदान किए गए, जिससे उन्हें औपचारिक स्कूली शिक्षा की ओर प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर बच्चों का तिलक लगाकर एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मान किया गया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नियमित शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में महिला पंच संगीता धुर्वे, शिक्षिका प्रेमलता निरवार, ललिता अहाके, एएनएम वंदना मर्सकोले, सीएचओ नमित उपराले, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तुलसिया ससेकर, नीतू मालेवार एवं सहायिका सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




