हनुमान जन्मोत्सव पर निकलेगी श्री घाटा मेंहदीपुर बालाजी की भव्य रथयात्रा ।

भक्त खींचेंगे श्री घाटा मेंहदीपुर बालाजी का रथ, 02 अप्रैल को पूरे बैतूल में दिखेगा आस्था का उत्साह । समिति की बैठक में तय हुआ पूरा कार्यक्रम।

बैतूल। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर इस वर्ष 02 अप्रैल को श्री हनुमान जी के बाल रूप श्री घाटा मेंहदीपुर बालाजी की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। लगातार 15वें वर्ष में प्रवेश कर रही इस धार्मिक परंपरा को लेकर शनिवार को समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें रथयात्रा का समय, मार्ग और तैयारियों को लेकर अंतिम निर्णय लिया गया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रथयात्रा शाम 5 बजे श्री हनुमान मंदिर न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड से प्रारंभ होगी और गंज माता मंदिर पर इसका समापन किया जाएगा। समिति ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी रथयात्रा का मार्ग वही रहेगा।

उल्लेखनीय है कि हनुमान जन्मोत्सव के पावन पर्व पर प्रतिवर्ष यह रथयात्रा निकाली जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तजन नंगे पैर श्री बालाजी महाराज का रथ खींचते हैं। श्रद्धालु रथ में अपनी अर्जियां भी चढ़ाते हैं, जिन्हें समिति द्वारा राजस्थान के जिला दौसा स्थित श्री मेंहदीपुर बालाजी धाम तक पहुंचाया जाता है।

समिति द्वारा पिछले 14 वर्षों से इस रथयात्रा का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा रहा है और हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसी को देखते हुए इस बार रथयात्रा को और अधिक भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं, जिसमें जिले भर के श्रद्धालुओं का सहयोग भी मिल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button