प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के मार्ग परिवर्तन का विरोध।

आधा सैकड़ा आदिवासी ग्रामीण मंत्री डीडी उइके के घर पहुंचे।  मंत्री डीडी उइके बोले – किसी के साथ अन्याय नहीं होने दूंगा।

बैतूल। विकासखंड प्रभात पट्टन के अंतर्गत आने वाले ग्राम टोपीढाना ग्राम पंचायत बोरपेंड पहुंच मार्ग को बदलने के विरोध में ग्राम टोपीढाना के ग्रामीण केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद डीडी उइके के निवास पहुंच गए और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के सर्वे में गड़बड़ी का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कहा कि पहले माडु नदी घोघरा से टोपीढाना मार्ग का सर्वे किया गया था, लेकिन अब कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए मार्ग बदला जा रहा है। महिलाओं ने भी मंत्री से न्याय की मांग करते हुए वर्षों से लंबित पुल और पक्की सड़क निर्माण उसी पुराने मार्ग से कराने की मांग रखी। मंत्री ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी भी आदिवासी परिवार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।

ग्रामीणों ने बताया कि पहले बोरपेंड से माडु नदी घोघरा होते हुए टोपीढाना तक सड़क निर्माण का सर्वे विभाग के अधिकारियों ने किया था। ग्रामीणों ने भी इसी मार्ग से पक्की सड़क निर्माण की मांग की थी और वर्षों से यही मांग करते आ रहे हैं। लेकिन कुछ दिन पहले अचानक दूसरी बार सर्वे कराया गया और इस बार बोरपेंड से हिरडी की ओर जाने वाले रास्ते को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे टोपीढाना के लोगों को नुकसान होगा।

ग्रामीण सुनिल भलावी ने मंत्री को बताया कि दूसरी बार जो सर्वे कराया गया है वह सिर्फ बोरपेंड के कुछ लोगों के खेत तक जाने की सुविधा को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने कहा कि टोपीढाना जाने का असली मार्ग माडु नदी घोघरा से ही है और सड़क निर्माण भी उसी मार्ग से होना चाहिए। ग्रामीणों ने साफ कहा कि अगर मार्ग बदल दिया गया तो टोपीढाना के लोगों को आज भी की तरह परेशानी झेलनी पड़ेगी।

– महिलाओं ने भी मंत्री से लगाई न्याय की गुहार

इस पूरे मामले में गांव की महिलाओं ने भी मंत्री के सामने अपनी बात रखी। महिलाओं ने कहा कि हम पढ़े-लिखे नहीं हैं, इसलिए कुछ लोग हमें गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम लोग कई वर्षों से टोपीढाना जाने वाले मार्ग पर पुल और पक्की सड़क की मांग कर रहे हैं। अब जब प्रधानमंत्री की कृपा से सड़क और पुल का निर्माण होने जा रहा है तो बोरपेंड के कुछ बाहुबली लोग अपनी सुविधा के अनुसार मार्ग बदलवाना चाहते हैं।

– आदिवासी ग्रामीणों की बात सुनकर मंत्री ने दिया आश्वासन

केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद डीडी उइके ने सभी आदिवासी ग्रामीणों की बात गंभीरता से सुनी और उन्हें भरोसा दिलाया कि उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। मंत्री ने ग्रामीणों से कहा कि जिस मार्ग से गांव को वास्तविक लाभ मिलेगा उसी आधार पर निर्णय लिया जाएगा और किसी के दबाव में आकर मार्ग परिवर्तन नहीं होने दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button