परीक्षा के बीच अंधेरे में डूबा डोकिया, 48 घंटे से बिजली गुल।

कंपनी की लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश, चक्का जाम की चेतावनी  ।

बैतूल। ग्राम पंचायत डोकिया में पिछले 48 घंटों से बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मध्य प्रदेश सरकार जहां बच्चों की बेहतर शिक्षा और परीक्षा के लिए अनुकूल माहौल देने के दावे कर रही है, वहीं खेड़ीसावलीगढ़ बिजली वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले इस गांव में लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।

इस दौरान छात्रों की वार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। विधि महाविद्यालय के छात्र अरुण कुमार बड़ोदे ने बताया कि उनके एग्जाम के बीच बिजली बंद कर दी गई, जबकि उनके ऊपर किसी भी प्रकार की बकाया राशि नहीं है।

ग्रामीणों का कहना है कि दिनभर की गर्मी के बाद रात में पढ़ाई के लिए रोशनी का कोई साधन नहीं है। मिट्टी के तेल की कमी और मोमबत्तियों के सहारे बच्चे जैसे-तैसे पढ़ाई कर रहे हैं, जिससे उनकी आंखों और भविष्य पर असर पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली गुल हुए दो दिन से अधिक समय हो गया, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। बार-बार शिकायत करने पर केवल आश्वासन मिल रहा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे बिजली कार्यालय का घेराव करेंगे और बैतूल-परतवाड़ा हाईवे पर चक्का जाम करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button