कोल पेंशनरों को अब तक नहीं मिला वेतन समझौता और पेंशन वृद्धि का लाभ, जंतर-मंतर में 30 मार्च को होगा विशाल धरना।
बैतूल में कोल माइंस सेवानिवृत्त कर्मचारियों की बैठक में सरकार पर नाराजगी । राजपत्र जारी होने के वर्षों बाद भी पेंशन वृद्धि लंबित।

बैतूल। कोल माइन सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ एचएमएस की बैठक में कोल पेंशनरों की लंबित मांगों को लेकर नाराजगी खुलकर सामने आई। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2018 से 2023 तक के वेतन समझौता क्रमांक 11 के एरिया तथा पेंशन वृद्धि का भुगतान अब तक पेंशनरों को नहीं मिला है, जबकि भारत सरकार का राजपत्र जारी हुए लगभग दो से तीन वर्ष हो चुके हैं।
बैठक में यह भी कहा गया कि जिन पेंशनरों को एक हजार रुपये से कम मासिक पेंशन मिल रही है, उन्हें प्रतिमाह एक हजार रुपये देने का प्रावधान भारत सरकार के राजपत्र में वर्ष 2023-24 में आदेशित किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड पाथाखेड़ा क्षेत्र के पेंशनरों को अब तक इसका लाभ नहीं दिया गया है।
बैठक में लोक लेखा समिति की उस रिपोर्ट का भी उल्लेख किया गया जो 18 मार्च 2020 को लोकसभा में प्रस्तुत की गई थी। इसके साथ ही सीएमपीएफ 1998 पेंशन योजना में संशोधन कर पेंशन रिवीजन और पेंशन वृद्धि की मांग को लेकर वर्ष 2019 से जंतर-मंतर नई दिल्ली में धरना प्रदर्शन किए जाने की जानकारी दी गई। इस दौरान बनारस, धनबाद और कोलकाता में भी धरना प्रदर्शन कर भारत सरकार का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन देश के लगभग छह लाख कोल पेंशनरों की मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
– जिले के पचास हजार पेंशनरों की मांगों पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं
बैठक में कहा गया कि बैतूल जिले के सांसद और केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके को भी कई बार ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन जिले के लगभग पचास हजार पेंशनरों की मांगों पर अब तक कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दी।
बैठक में 12 मार्च 2026 को कोल मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली में आयोजित पेंशनर स्थिरता समिति की बैठक का भी जिक्र किया गया। इसमें देश की प्रमुख यूनियन बीएमएस के मजदूर हितेषी यूनियन के सदस्य के एल रेड्डी के लगातार सात बैठकों में अनुपस्थित रहने पर भी नाराजगी व्यक्त की गई।
बैठक में भारत सरकार से कोल पेंशनरों की पेंशन वृद्धि कर रिवीजन करने, दो हजार रुपये प्रतिमाह डोमेस्टिक मेडिकल अलाउंस पेंशनरों, स्टॉफ और कर्मचारियों को दिए जाने की मांग की गई।
– बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में निर्णय लिया गया कि ऑल इंडिया कोल पेंशनर्स एसोसिएशन के संयोजक पी के सिंह राठौड़ के आह्वान पर 30 मार्च को जंतर-मंतर नई दिल्ली में आयोजित विशाल धरना प्रदर्शन में जिला बैतूल से लगभग 40 से 50 सदस्य भाग लेंगे।
बैठक में अध्यक्ष डीके साहू, महामंत्री डीआर झरबडे, उपाध्यक्ष अजय सिंह राजपूत, दिनेश कुमार शर्मा, दामोदर प्रसाद मिश्रा, शिवदयाल चौकीदार, माणिकराव, नागोराव वागद्रे, रामदास पंडाग्रे, विजयके शर्मा, कुंदन लाल चौधरी, शब्बीर खान, गुलाब राव, कृष्ण राव उबनारे, रामदास पंडाग्रे, तुलसीराम मासोदकर, अशोक, सुखराम पवार सहित एचएमएस के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




