आंखों में किसी भी प्रकार की तकलीफ होने पर अपना इलाज स्वयं ना करें नेत्र चिकित्सक को दिखाएं: डॉ.आयुषी खतेड़े

बैतूल। युवा साहू समाज सेवा संगठन जिला बैतूल एवं चिरायु मेडिकल कॉलेज अस्पताल बैरागढ़ भोपाल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आठनेर एवं भैंसदेही में मोतियाबिंद जांच परामर्श एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। आठनेर में 67 मरीजों के आंखों की जांच की गई जिसमें से 29 मरीजों की आंखों में मोतियाबिंद पाया गया एवं भैंसदेही में 57 मरीजों की आंखों की जांच की गई जिसमें से 35 मरीजों में मोतियाबिंद पाया गया। इस प्रकार कुल 64 मरीज ऑपरेशन के लिए चयनित किये गये। सभी 64 मरीजों को ऑपरेशन के बाद नई रोशनी मिलेगी।
आठनेर में शिविर का शुभारंभ डॉ.आयुषी खतेड़े अभिषेक शुक्ला, गोपाल साहू, नेत्र चिकित्सा सहायक जीएस अर्गल ने भक्त शिरोमणि मां कर्मा के चित्र के समक्ष दीपक प्रज्वल एवं मालार्पण कर नेत्र शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में नेत्र चिकित्सक डॉ.आयुषी खतेडे़ ने कहा कि मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद आंखों की सुरक्षा और संक्रमण से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। आंखों को रगड़ने, झुकना और भारी समान उठाने से बचाना चाहिए। ऑपरेशन के बाद डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवा का प्रयोग करना चाहिए। नहाते या चेहरा धोते समय साबुन शैंपू या पानी को आंखों में जाने से रोकना चाहिए। डॉक्टर की सलाह पर पहले कुछ हफ्तों तक दिन और रात में सुरक्षात्मक चश्मा या आई शील्ड का प्रयोग करना चाहिए जिससे आंखें सुरक्षित रहती है। आंखों में किसी भी प्रकार की दवाइयां डालने से पहले हाथों को साबुन से साफ धोना चाहिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आठनेर के नेत्र चिकित्सा सहायक जीएस अर्गल ने कहा कि ऑपरेशन के बाद किसी भी प्रकार का धूम्रपान आंखों के लिए खतरनाक हो सकता है। धूम्रपान छोड़ने से आपकी आंखों का स्वास्थ्य बेहतर हो सकता है। ऑपरेशन से पहले आपको अपने नेत्र रोग विशेषज्ञ से मिलकर अपनी सभी जांच जैसे शुगर, बीपी और अन्य बीमारियों की जानकारी अपने चिकित्सक को देना चाहिए जिससे रोग के अनुसार आपकी सर्जरी में मदद मिलती है। चिरायु मेडिकल कॉलेज नेत्र डिपार्मेंट के प्रभारी अभिषेक शुक्ला ने कहा कि आंखें हमारी अनमोल धरोहर है इनका विशेष ख्याल रखना जरूरी होता है। आंखों में किसी भी प्रकार की तकलीफ होने पर हमें अपना इलाज स्वयं नहीं करना चाहिए बल्कि अपने पास के नजदीकी नेत्र चिकित्सक को दिखाना चाहिए।




