प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के देशव्यापी पंजीयन अभियान में बैतूल देश में दूसरे स्थान पर । पंजीयन की कलेक्टर द्वारा की जा रही सतत मॉनिटरिंग ।

 

 

बैतूल 09 मार्च 2026

 

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के अंतर्गत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। इस योजना के तहत 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के वे श्रमिक, जिनकी मासिक आय 15 हजार रुपये से कम है, उन्हें 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर प्रतिमाह 3000 रुपये की पेंशन प्रदान की जाती है।

 

योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक श्रमिकों के पंजीयन के उद्देश्य से देशभर में 15 जनवरी 2026 से 15 मार्च 2026 तक विशेष पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत बैतूल जिले में उत्कृष्ट कार्य करते हुए अब तक कुल 1774 श्रमिकों का पंजीयन किया जा चुका है, जिससे बैतूल जिला उक्त अभियान अवधि में पूरे देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

 

कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि असंगठित क्षेत्र में कार्यरत अधिक से अधिक श्रमिकों का योजना में पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि दुकानों में कार्य करने वाले कर्मचारी, निर्माण स्थल पर कार्यरत श्रमिक, मनरेगा के मजदूर, वाहन चालक सहित अन्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को योजना से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं, ताकि उन्हें भविष्य में सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।

अभियान के तहत पंजीयन की कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा सतत मॉनिटरिंग की जा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button