ग्राम पोपटी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं का सम्मान, बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति ।


बैतूल। ग्राम पंचायत चोहटा पोपटी अंतर्गत ग्राम पोपटी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था जन आस्था सेवा समिति घोघरा एवं एकता ग्रामीण जन सहयोग संस्था द्वारा क्षेत्र की महिलाओं की सामाजिक भागीदारी और उनके योगदान को रेखांकित करते हुए सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को सशक्तिकरण, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से ही समाज का समग्र विकास संभव है। इसी उद्देश्य से कार्यक्रम में महिलाओं को जागरूक करने के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया।
– सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सम्मान और सामाजिक जागरूकता का संदेश गांव के लोगों तक पहुंचाया गया।




