एन-2 फिटनेस ने ओपन टर्फ पर खेला क्रिकेट।
तनाव दूर करने और प्रोत्साहित करने किया आयोजन।

बैतूल। शहर में पहली बार एन-2 फिटनेस जिम द्वारा ओपन टर्फ पर क्रिकेट मैच एवं जुम्बा सेशन का आयोजन किया गया। यह अनोखा आयोजन रविवार रात जिम के महिला एवं पुरुष सदस्यों के लिए आयोजित किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य सदस्यों को रोजमर्रा की भागदौड़ और मानसिक तनाव से दूर रखकर उनमें नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करना था।
जिम संचालक वतन मिश्रा ने बताया कि फिटनेस शारीरिक स्वास्थ्य तक ही सीमित नहीं है, मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी उतना ही आवश्यक है। इसी सोच के साथ यह आयोजन किया गया, ताकि सदस्य आपसी मेलजोल बढ़ा सकें और एक सकारात्मक वातावरण में समय बिता सकें। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम के साथ-साथ इस प्रकार की मनोरंजक गतिविधियां सदस्यों को प्रेरित करती हैं और उनमें टीम भावना का विकास करती हैं।
ओपन टर्फ पर खेले गए क्रिकेट मैच में खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। वहीं जुम्बा सेशन में महिलाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और संगीत की धुन पर जमकर थिरके। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
गौरतलब है कि किसी जिम द्वारा इस तरह का ओपन टर्फ पर क्रिकेट मैच और जुम्बा कार्यक्रम आयोजित करना अपने आप में एक नई पहल है, जिसकी शहरवासियों ने सराहना की। प्रतिभागियों ने इसे यादगार अनुभव बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा जताई। आयोजकों ने आश्वस्त किया कि आगे भी सदस्यों की बेहतरी के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।




