आज वैदिक यज्ञ के साथ होगा योग शिविर का समापन।
भारत स्वाभिमान न्यास बैतूल के तत्वावधान में चल रहा था सात दिवसीय योग एवं ध्यान शिविर।

बैतूल। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के तत्वाधान में भारत स्वाभिमान न्यास बैतूल द्वारा बडोरा स्थित हनुमान मंदिर बटामा में चल रहे सात दिवसीय योग शिविर का वैदिक यज्ञ के साथ आज मंगलवार समापन होगा। जिला कार्यालय प्रभारी नर्मदा प्रसाद साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिदिन प्रातः 6 से 7:30 बजे तक सात दिन तक चले योग शिविर मे सैकड़ों साधको ने भाग लिया। शिविर के मुख्य शिक्षक पतंजलि युवा भारत के जिला प्रभारी हितेश पटेल ने योग शिविर में लोगों को योगिग़ जॉगिंग के अभ्यास के साथ सूर्य नमस्कार, आसन एवं भस्त्रिका, कपाल भांति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, प्राणायाम, उदयगीत आदि प्राणायाम करवाए। पटेल ने बताया कि योग के प्रति लोगों का विश्वास दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है। बडोरा क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनीयों के सैकड़ों लोगों ने प्रतिदिन शिविर में आकर योग किया।

– आज शिविर के समापन पर होगा वैदिक यज्ञ
शिविर के संयोजक बैतूल तहसील प्रभारी संतोष तोमर ने बताया कि योग के साथ-साथ लोगों को वैदिक यज्ञ करने की विधि की जानकारी देने के उद्देश्य से मंगलवार समापन के अवसर पर वैदिक यज्ञ किया जाएगा। तोमर ने बताया की यज्ञ पर्यावरण को संतुलित करने में सहायक सिद्ध होते हैं। योग और यज्ञ को अपनाकर व्यक्ति अपने जीवन को सुखी और सफल बना सकता है।
– नगर के 33 वार्डों एवं प्रमुख कॉलोनियों में आयोजित हो रहे निःशुल्क योग शिविर
जिला प्रभारी सुनील कुबड़े ने बताया कि नियमित योग से मानसिक तनाव, अवसाद एवं अन्य मानसिक विकारों से मुक्ति पाई जा सकती है और व्यक्ति संतुलित व सकारात्मक जीवन जी सकता है। न्यास के कोषाध्यक्ष विनोद परिहार ने बताया कि योग, आयुर्वेद, जैविक आहार, स्वदेशी, परंपरागत चिकित्सा तथा भारतीय एवं वैदिक शिक्षा के माध्यम से भारत के वैभव को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से बैतूल नगर के 33 वार्डों एवं प्रमुख कॉलोनियों में निःशुल्क योग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पतंजलि किसान सेवा के जिला प्रभारी नवनीत वर्मा ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की।




