पुष्य नक्षत्र पर 707 बच्चों ने लिया स्वर्ण प्राशन का लाभ।

बैतूल। आयुष विभाग द्वारा 28 फरवरी को पुष्य नक्षत्र के अवसर पर स्वर्ण प्राशन का आयोजन किया गया, जिसमें जिले भर के कुल 707 बच्चों ने लाभ प्राप्त किया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने बताया कि प्रत्येक माह पुष्य नक्षत्र पर स्वर्ण प्राशन कराया जाता है और इसी क्रम में इस माह भी सफलतापूर्वक आयोजन संपन्न हुआ।

उन्होंने बताया कि स्वर्ण प्राशन में स्वर्ण भस्म के साथ शंखपुष्पी, ब्राम्ही, वचा, घृत और शहद का मिश्रण औषधीय रूप में दिया जाता है। बदलते मौसम में यह बच्चों के प्रतिरक्षा तंत्र को मजबूत करता है तथा बीमारियों से लड़ने की क्षमता बढ़ाता है। इसे बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अमृत तुल्य माना गया है।
स्वर्ण प्राशन का आयोजन शासकीय आयुर्वेद जिला चिकित्सालय टिकारी में 560 बच्चों, जिला आयुष विंग बैतूल में 53 बच्चों, शासकीय आयुर्वेद औषधालय गर्ग कॉलोनी में 73 बच्चों तथा शासकीय आयुर्वेद औषधालय भैंसदेही में 21 बच्चों को कराया गया। इस प्रकार कुल 707 लाभार्थी बच्चों ने स्वर्ण प्राशन का लाभ प्राप्त किया।
आयुष विभाग ने सभी माता-पिता से अपील की है कि वे अपने 6 माह से 16 वर्ष तक के बच्चों को स्वर्ण प्राशन अवश्य कराएं ताकि उनके स्वास्थ्य और विकास को मजबूती मिल सके।




