संत सिंगाजी गवली समाज संगठन का ऐलान, शादी कार्ड पर लिखेंगे शराबियों का प्रवेश वर्जि….

बैतूल। समाज में बढ़ती शराबखोरी के खिलाफ गवली समाज खुलकर मैदान में उतर आया है। संत सिंगाजी गवली समाज संगठन के जिला अध्यक्ष भूरा यादव ने शराब के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अब समझाइश नहीं, सख्त सामाजिक फैसलों का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि शराब समाज की जड़ों को खोखला करने वाला जहर बन चुकी है। बड़ी संख्या में युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं। धार्मिक और मांगलिक आयोजनों में शराब पीकर हुड़दंग, गाली-गलौज और अशोभनीय व्यवहार की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे समाज की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है। समाज संगठन ने प्रस्ताव रखा है कि शादी-विवाह एवं अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के निमंत्रण पत्रों पर शराबियों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित है, लिखा जाएगा। वहीं जो व्यक्ति समाज की शांति भंग करेगा, उसके खिलाफ सामाजिक स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संगठन के भूरा यादव ने कहा कि शराब के कारण घर-घर में कलह, मारपीट और घरेलू हिंसा का माहौल बन रहा है। वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और बच्चे तनाव में जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने भावुक लहजे में कहा कि जिस परिवार का सदस्य रोज शराब पीकर घर की शांति भंग करता है, वही इस पीड़ा को सही मायनों में समझ सकता है। उन्होंने चेताया कि शराब का सबसे बुरा असर बच्चों के मानसिक विकास और संस्कारों पर पड़ रहा है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ी को इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।




