सूरत से निकले 60 पदयात्रियों की अर्ध परिक्रमा 17 फरवरी को होगी पूर्ण
मां ताप्ती उद्गम स्थल पर संपन्न होंगी मां ताप्ती की 34 दिवसीय पदयात्रा

17 फरवरी शाम 7 बजे महाआरती के साथ 850 किमी की यात्रा का होगा विराम
बैतूल। मां ताप्ती की 34 दिवसीय पदयात्रा कल मुलताई स्थित ताप्ती उद्गम स्थल पर संपन्न हो जाएगी। विगत 15 जनवरी को 60 पदयात्री सूरत से अर्ध परिक्रमा पूर्ण करने के संकल्प के साथ पदयात्रा पर निकले थे। लगभग 850 किलोमीटर की लगातार यात्रा के बाद 17 फरवरी दिन मंगलवार को पदयात्रा का विधिवत विराम होगा।
पदयात्री आज संध्या मुलताई पहुंचेंगे, जहां शाम 7 बजे उद्गम स्थल पर भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी। इसी महाआरती के साथ अर्ध परिक्रमा का समापन घोषित किया जाएगा। नगर में पदयात्रियों के स्वागत की तैयारियां की गई हैं और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
समिति अध्यक्ष जितेंद्र कपूर, उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा, सचिव बृज पांडे, कोषाध्यक्ष राजेश दीक्षित, यात्रा दल प्रभारी सुभाष कालभोर, संरक्षक पांडे जी, सुश्री उषा द्विवेदी मैडम एवं अरुण किलेदार ने समस्त मुलताई के तापी भक्तों से अपील की है कि वे परिक्रमा पदयात्रियों का स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन करें। उन्होंने श्रद्धालुओं से शाम 7 बजे उद्गम स्थल पर आयोजित महाआरती में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मां ताप्ती के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करने और पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।




