मां ताप्ती परिक्रमा यात्रियों का घोघरा घाट पर किया स्वागत
17 फरवरी को उद्गम स्थल पर होगा यात्रा का समापन

बैतूल। घोघरा घाट में गुरुवार 12 फरवरी को सुबह मां ताप्ती दर्शन यात्रा के भक्तों का आगमन हुआ, जहां श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत किया गया। ताप्ती परिक्रमा के तहत निकली यह पदयात्रा हजीरा, गुजरात (सूरत) से प्रारंभ होकर उद्गम स्थल मुलताई तक पहुंचेगी। पदयात्रा के मुख्य राजेश दिक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा का समापन दिनांक 17 फरवरी को होगा। उन्होंने कहा कि मां ताप्ती जी की असीम कृपा से हर वर्ष अलग-अलग किनारों से गुजरते हुए अनेकों तीर्थ स्थलों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होता है और यह अनुभव अत्यंत आनंददायक होता है।
घोघरा घाट पर यात्रियों के स्वागत में जनपद पंचायत भीमपुर के जनपद अध्यक्ष भैय्यालाल इरपाचे, चोहटा पोपटी के सरपंच रामकिशोर धुर्वे सहित जन आस्था सेवा समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था भी की गई। मां ताप्ती के जयकारों के साथ घाट पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और यात्रियों ने आगे की यात्रा के लिए आशीर्वाद लेकर प्रस्थान किया।




