विनोबा नगर में 13 फरवरी से सात दिवसीय योग शिविर
बीपी, शुगर और थायराइड जैसी बीमारियों से बचाव के लिए पहल

बैतूल। शहर के 33 वार्डों में निःशुल्क योगशालाएं स्थापित करने के लक्ष्य के साथ भारत स्वाभिमान ट्रस्ट द्वारा योग प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत पहला निःशुल्क योग चिकित्सा एवं ध्यान शिविर 2 फरवरी से प्रागा होम्स कॉलोनी, ग्रीन सिटी विवेकानंद वार्ड में प्रारंभ किया गया। 8 फरवरी को आरती वंदना के साथ यहां नियमित निःशुल्क योगशाला का संचालन शुरू कर दिया गया है।
इसी क्रम में द्वितीय निःशुल्क योग कक्षा शिव मंदिर, विनोबा नगर प्रांगण में 13 फरवरी से 20 फरवरी तक प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। सात दिवसीय शिविर के पश्चात वार्डवासियों की सुविधा अनुसार यहां भी नियमित योग कक्षा स्थापित की जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि वर्तमान समय में बीपी, शुगर, थायराइड, मोटापा, गठिया, त्वचा रोग, कैंसर सहित पाचन, श्वसन एवं उत्सर्जन तंत्र से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। इन रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पतंजलि द्वारा विकसित एकीकृत योग, आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। शिविर पूर्णतः निःशुल्क है तथा पतंजलि के प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
यह आयोजन भारत स्वाभिमान न्यास, पतंजलि योग समिति, महिला पतंजलि योग समिति, युवा भारत एवं पतंजलि किसान सेवा समिति के सानिध्य में किया जा रहा है। आयोजन में तहसील प्रभारी संतोष तोमर, अखिलेश जैन एवं एन.पी. साहू सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं का सहयोग प्राप्त हो रहा है।




