नर्मदेश्वर महाशिवरात्रि महोत्सव में पहुंचेंगे निखिल मंत्र साधक
दो दिवसीय साधना शिविर में गुरुदेव देंगे विशेष दीक्षाएं

बैतूल। पुण्य सलिला मां नर्मदा की गोद और भगवान नर्मदेश्वर ज्योतिर्लिंग के सानिध्य में इस वर्ष महाशिवरात्रि पर ओंकारेश्वर में दो दिवसीय नर्मदेश्वर महाशिवरात्रि महोत्सव आयोजित किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय सिद्धाश्रम साधक परिवार (निखिला मंत्र विज्ञान), मध्य प्रदेश द्वारा 14 और 15 फरवरी 2026 को जयसवाल समाज ट्रस्ट धर्मशाला में यह आयोजन किया जा रहा है, जिसमें परम पूज्य सद्गुरुदेव नंदकिशोर श्रीमाली का सानिध्य रहेगा। बैतूल जिले से इस महोत्सव में अधिक संख्या में निखिल मंत्र साधक पहुंचेंगे।
निखिल मंत्र साधक श्रीमती हर्षा मनोज अग्रवाल ने बताया कि आयोजन के दौरान सद्गुरुदेव अपने श्रीमुख से प्रवचन देते हुए साधकों को जीवन दर्शन और आध्यात्मिक उन्नति के सूत्र बताएंगे। वे स्वयं के मार्गदर्शन में नर्मदेश्वर शिव साधनाएं संपन्न कराएंगे तथा साधकों को जीवन की बाधाओं से मुक्ति और आत्मिक प्रगति के लिए विभिन्न कल्याणकारी दीक्षाएं प्रदान करेंगे।
शिविर में सामूहिक गुरु पूजन, विधिवत रुद्राभिषेक, मंत्र जाप, ध्यान साधना और भजन-कीर्तन के विशेष सत्र आयोजित होंगे। पूरा वातावरण भक्तिमय रहेगा और साधकों को शिवत्व के साक्षात्कार का अवसर मिलेगा।
वरिष्ठ साधक विष्णु पाटीदार ने बताया कि सद्गुरुदेव 13 फरवरी 2026 को सुबह 11:15 बजे इंदौर विमानतल पहुंचेंगे, जहां उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे सड़क मार्ग से ओंकारेश्वर शिविर स्थल के लिए प्रस्थान करेंगे। उन्होंने बैतूल जिले सहित सभी निखिल शिष्यों और धर्मप्रेमियों से सपरिवार शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।




