जयस जिला मीडिया प्रशांत उइके ने 16वीं बार किया रक्तदान, डिलेवरी पेशेंट की बचाई जान

बैतूल। जयस जिला मीडिया प्रभारी प्रशांत उइके ने मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए 16वीं बार रक्तदान किया। भीमपुर ब्लॉक के ग्राम रतनपुर, आमढाना निवासी डिलेवरी पेशेंट कुशमी काकोडिया के लिए रक्त की तत्काल आवश्यकता पड़ने पर प्रशांत बिना देर किए जिला अस्पताल बैतूल पहुंचे और रक्तदान कर मरीज की मदद की।
प्रशांत उइके लंबे समय से सामाजिक और मानवीय कार्यों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता और जरूरत के समय किसी की जान बचाने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने युवाओं से आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील भी की, ताकि आपात स्थिति में किसी मरीज को परेशानी न उठानी पड़े।
जिला अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों और स्टाफ ने भी प्रशांत उइके की सराहना करते हुए कहा कि समय पर रक्त उपलब्ध होना कई बार जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर तय करता है। क्षेत्र में उनके इस कार्य की प्रशंसा हो रही है और लोग उन्हें प्रेरणास्रोत मान रहे हैं।




