तेरहवीं में मृत्यु भोज नहीं, मंदिरों में किया दान, लहरपुरे परिवार ने पेश की मिसाल

बैतूल। आठनेर नगर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्व. जगदीश लहरपुरे (जग्गू पटेल) की तेरहवीं के अवसर पर उनके परिवार ने सामाजिक चेतना की मिसाल पेश की। उनके पुत्र डॉ. योगेश लहरपुरे ने तेरहवीं के कार्यक्रम में मृत्यु भोज पूरी तरह बंद रखा। उन्होंने बताया कि यह उनके पिता की इच्छा थी कि तेरहवीं जैसे आयोजनों में मृत्यु भोज की परंपरा समाप्त हो और उसके स्थान पर समाजोपयोगी कार्य किए जाएं।
डॉ. योगेश लहरपुरे ने कहा कि उनके पिता ने पूर्व में श्रीराम मंदिर साहू समाज ट्रस्ट समिति के समक्ष भी यह प्रस्ताव रखा था। इसी भावना के अनुरूप श्रद्धांजलि कार्यक्रम में लहरपुरे परिवार की ओर से श्रीराम मंदिर आठनेर समिति को 21 हजार रुपये और अंबा मंदिर बाजार चौक समिति को 21 हजार रुपये की नगद राशि दान की गई।
इस पहल की क्षेत्रीय श्री बाथरी साहू समाज ट्रस्ट समिति, नगर के व्यापारियों, समाजसेवियों और राजनेताओं ने सराहना की। श्रद्धांजलि सभा में नगर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।




