12 फरवरी की आम हड़ताल को लेकर सीटू की रणनीति बैठक
श्रम संहिताओं और निजीकरण के विरोध में एकजुट होंगे मजदूर

बैतूल। जिला सीटू यूनियन की विशेष बैठक 6 फरवरी शुक्रवार को कामरेड डीके दत्ता के निवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीटू यूनियन के जिला अध्यक्ष कामरेड कुंदन राजपाल ने की, संचालन महासचिव कामरेड जगदीश डिगरसे ने किया। बैठक में 12 फरवरी को प्रस्तावित देशव्यापी आम हड़ताल को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और इसे सफल बनाने की रणनीति तय की गई।
जिला अध्यक्ष कामरेड कुंदन राजपाल ने कहा कि यह हड़ताल केंद्र की भाजपा सरकार की श्रम विरोधी नीतियों और चार नई श्रम संहिताओं के विरोध में है, जिनसे करोड़ों कामगारों, मजदूरों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, मिड डे मील वर्करों, खेतीहर मजदूरों, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों तथा आउटसोर्सिंग कर्मियों के अधिकारों का हनन हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि काम के घंटे 8 से बढ़ाकर 12 किए जा रहे हैं और यूनियन बनाने के अधिकार पर भी प्रहार किया जा रहा है। साथ ही निजीकरण को बढ़ावा देकर देश की संपदा पूंजीपतियों के हाथों सौंपी जा रही है।
बैठक में सभी श्रमिक वर्गों से 12 फरवरी की हड़ताल को सफल बनाने के लिए एक मंच पर आने की अपील की गई। कामरेड जगदीश डिगरसे, कामरेड पंकज साहू और कामरेड डीके दत्ता ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका एकता यूनियन की महासचिव पुष्पा वाईकर, उपाध्यक्ष आशा सूरजे, ऑटो चालक एकता यूनियन के अध्यक्ष मनोहर आठनकर, उपाध्यक्ष संजू आठनकर, राशिद खान तथा कोयला क्षेत्र से कामरेड विवेकानंद सहित अन्य साथी उपस्थित थे।
निर्णय लिया गया कि 12 फरवरी को दोपहर 12 बजे शहीद भवन प्रांगण में एकत्र होकर प्रदर्शन किया जाएगा और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा जाएगा।




