महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ बंदूक की नोक पर मारपीट, लिव-इन पार्टनर को जबरन ले जाने का आरोप

लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक ने एसपी से की शिकायत 

बैतूल। मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम खल्ला निवासी 21 वर्षीय युवक चिनू पंडोले ने एसपी को एक लिखित आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक ने अपने आवेदन में कहा है कि वह पिछले कुछ समय से अपनी सहमति से एक युवती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था और दोनों 5 फरवरी को कोर्ट मैरिज करने वाले थे।

आवेदन के अनुसार युवक पुणे, महाराष्ट्र में किराए के मकान में रहकर निजी कंपनी में काम कर रहा था। इसी दौरान युवती की रिश्तेदार बताई जा रही एक महिला पुलिस अधिकारी अन्य लोगों के साथ पुणे पहुंची और जबरन युवक और युवती को बैतूल लाने का आरोप लगाया गया है। युवक का दावा है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और उसे धमकाया गया।

युवक ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि बैतूल लाने के बाद उसे एक होटल और फिर पुलिस चौकी ले जाया गया, जहां भी उसके साथ मारपीट होने का आरोप है। युवक का कहना है कि उस पर दबाव बनाकर कथित रूप से कुछ लिखवाया और वीडियो बनवाया गया। आवेदन में जातिगत गालियां देने, जान से मारने की धमकी और परिवार के सदस्यों को डराने के आरोप भी लगाए गए हैं।

युवक ने यह भी आरोप लगाया है कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद से वह और उसका परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं और जब शिकायत करने चौकी पहुंचे तो उनकी सुनवाई नहीं की गई। आवेदन में कॉल रिकॉर्डिंग, लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य होने का दावा किया गया है।

मामले में युवक ने एसपी से निष्पक्ष जांच कराने, सीसीटीवी फुटेज देखने, संबंधित लोगों की भूमिका की जांच करने और स्वयं व परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button