राष्ट्रीय गणित दिवस पर शासकीय कन्या उ.मा. विद्यालय में विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम आज 20 जनवरी को

बैतूल। मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद भोपाल के सहयोग से आज दिनांक 20 जनवरी को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैतूल गंज, बैतूल में राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर एक विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। विद्यालय के शिक्षक महेश गुंजेले ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी का प्रचार-प्रसार करना, राज्य में विज्ञान एवं तकनीक को बढ़ावा देना तथा उनके अनुप्रयोगों के माध्यम से सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देना है।
उन्होंने बताया कि मैपकास्ट भोपाल द्वारा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, जीआईएस और रिमोट सेंसिंग, जलवायु परिवर्तन समाधान, तकनीकी सहायता और नवाचार जैसे विषयों पर लगातार कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मैपकास्ट भोपाल के विशेषज्ञ छात्राओं और शिक्षकों को विभिन्न क्रियाशील मॉडल्स का प्रदर्शन करेंगे, जिससे गणितीय और खगोलीय अवधारणाओं को सरल और रोचक तरीके से समझाया जाएगा।
इस आयोजन में विज्ञान लोकव्यापिकरण एवं सामाजिक शोध संस्था समिति रायसेन और मध्यप्रदेश विज्ञान सभा भोपाल के विशेषज्ञ भी सम्मिलित होंगे। संस्था के प्राचार्य ललित लाल लिल्होरे और कार्यक्रम समन्वयक शिक्षक चारू शुक्ला के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में वैज्ञानिक सोच और तार्किक क्षमता का विकास करना है। इसके माध्यम से गणित की गुत्थियों के साथ-साथ ब्रहांड की खगोलीय गणनाओं से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों पर भी गहन चर्चा की जाएगी, वहीं शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियां सीखने का अवसर मिलेगा।




