संयुक्त धरना 11 फरवरी को, राज्य पेंशनर्स से समर्थन की अपील

बैतूल। प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन जिला बैतूल ने समस्त जिले के राज्य पेंशनर्स साथियों से 11 फरवरी को आयोजित संयुक्त धरना प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। यह एक दिवसीय धरना दोपहर 12 बजे से केम्पेन हाउस परिसर, लिंक रोड टिकारी बैतूल में आयोजित किया जाएगा, जो शाम 4 बजे तक चलेगा।
धरना विद्युत मंडल पेंशनर्स एसोसिएशन बैतूल द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है, जिसके पश्चात ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में विद्युत मंडल पेंशनर्स साथियों की पेंशन गारंटी की मांग प्रमुख रूप से शामिल है, जबकि महंगाई राहत से संबंधित मांगें सभी पेंशनर्स की समान समस्या है।
प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन ने इसे संयुक्त प्रयास बताते हुए राज्य पेंशनर्स साथियों से सहयोग की अपील की है। निवेदक में अध्यक्ष सुंदरलाल कड़वे, अशोक कुमार बोरखड़े सम्भागीय अध्यक्ष, जगन्नाथ पाठेकर कार्यकारी अध्यक्ष, शिवचरण हजारे सचिव प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन बैतूल एवं समस्त कार्यकारिणी पदाधिकारी तथा समस्त तहसील शाखा अध्यक्ष एवं सचिव प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन शामिल हैं।
– 381 मांग पत्र प्रधानमंत्री को प्रेषित
प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन की सभी तहसील शाखाओं के पेंशनर्स साथियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सप्त सूत्रीय मांग पत्र प्रेषित किए गए हैं। बैतूल एवं सभी तहसील शाखाओं से कुल 381 मांग पत्र प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजे गए। जिला प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन बैतूल ने इस पहल में सहयोग देने वाले सभी पेंशनर्स साथियों का आभार व्यक्त किया है। एसोसिएशन ने आशा और विश्वास जताया है कि प्रधानमंत्री मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर मध्यप्रदेश सरकार को यथोचित निर्देश प्रदान करेंगे।




