दुष्कर्म के दोषी पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत निरस्त करने महिला कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
राष्ट्रपति से जमानत रद्द करने की मांग

बैतूल। महिला कांग्रेस ग्रामीण बैतूल द्वारा दुष्कर्म एवं अन्य गंभीर अपराधों में दोषसिद्ध पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दी गई जमानत के विरोध में महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष निलय विनोद डागा के नेतृत्व में दिया गया।
ज्ञापन में महिला कांग्रेस ग्रामीण की जिलाध्यक्ष श्रीमती पुष्पा पन्द्राम ने अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद से पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को नाबालिग बालिका से दुष्कर्म, अपहरण, पीड़िता के परिवार पर दबाव बनाने, न्याय में हस्तक्षेप तथा अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में दोषी ठहराते हुए न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। इसके बावजूद हाल ही में उन्हें जमानत दिया जाना देश की जनता, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता का विषय है।
ज्ञापन में कहा गया कि इस तरह के गंभीर अपराधों में दोषसिद्ध व्यक्ति को जमानत दिया जाना न्यायिक प्रक्रिया और पीड़िता के अधिकारों को कमजोर करता है, समाज में न्याय व्यवस्था के प्रति लोगों के विश्वास को भी ठेस पहुंचाता है। यह मामला एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, कानून के शासन और न्याय की गरिमा से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है। ऐसे मामलों में दोषियों को राहत मिलने से समाज में गलत संदेश जाता है और पीड़िता तथा उसके परिवार के लिए भय और असुरक्षा का वातावरण बनता है।
महिला कांग्रेस ने महामहिम राष्ट्रपति से विनम्र आग्रह किया है कि इस अत्यंत संवेदनशील और गंभीर प्रकरण में संवैधानिक एवं कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत हस्तक्षेप करते हुए कुलदीप सिंह सेंगर को दी गई जमानत को निरस्त कराया जाए, ताकि न्याय की गरिमा बनी रहे और पीड़िता को न्याय व्यवस्था पर पूर्ण विश्वास मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय विनोद डागा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुष्पा पेंड्राम, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतेश गंगारे, प्रेरणा शर्मा, जमुना पंडाग्रे, गंगा अहाके, सुशीला तिवारी, चंपा वट्टी तथा सुधा मायावड सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।




