विद्या भूमि पब्लिक स्कूल में खाद्य पदार्थों के परीक्षण पर कार्यशाला आयोजित

बैतूल। विद्या भूमि पब्लिक स्कूल, सिविल लाइन, बैतूल में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मिलावट की पहचान को लेकर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला जिला खाद्य अधिकारी संदीप पाटिल एवं पुरुषोत्तम भंडुरिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
कार्यशाला के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों में होने वाली मिलावट के प्रकारों की जानकारी दी तथा सरल तरीकों से उनकी पहचान कैसे की जा सकती है, इसका व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। दूध, मसाले, तेल, मिठाइयों सहित अन्य खाद्य सामग्री में होने वाली मिलावट से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर विद्यालय संचालक अहद खान एवं कमलेश उबनारे सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय प्रबंधन ने इस प्रकार की जागरूकता कार्यशाला को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए जिला खाद्य विभाग का आभार व्यक्त किया।




