Amla Railway Institute Election: आमला रेलवे इंस्टीट्यूट में आज 13 अक्टूबर को होगा निर्णायक चुनाव
एनआरएमयू ने सभी कर्मचारियों से की मताधिकार के उपयोग की अपील

बैतूल। मध्य रेल आमला के रेलवे इंस्टीट्यूट में आज सोमवार, 13 अक्टूबर को होने वाले बहुप्रतीक्षित चुनाव को लेकर रेलवे कर्मचारियों में जोश और जागरूकता का माहौल बना हुआ है। इस मौके पर नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन (एनआरएमयू) ने सभी कर्मचारियों से अपील की है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए संगठन को मजबूत बनाएं और संस्थान के समग्र विकास में भागीदार बनें।
एनआरएमयू ने कहा है कि आमला रेलवे इंस्टीट्यूट की वर्तमान दयनीय स्थिति के लिए लंबे समय से काबिज़ विरोधी यूनियन जिम्मेदार है, जिसने संस्थान को कर्मचारियों और उनके परिवारों के हितों से दूर कर दिया है। संगठन का कहना है कि अब समय आ गया है बदलाव का, ताकि यह संस्थान फिर से कर्मचारियों के उपयोग और मनोरंजन का केंद्र बन सके।
यूनियन ने भरोसा दिलाया है कि विजयी होने पर संस्थान के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, मनोरंजन, खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था की जाएगी। महिला सदस्यों के लिए अलग और स्वच्छ सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी, साथ ही फ्री वाई-फाई, समाचार-पत्र और पत्रिकाओं की सुविधा भी दी जाएगी। इसके साथ ही नियमित योग, स्वास्थ्य और प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि कर्मचारियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य का ध्यान रखा जा सके।
– एनआरएमयू के बैनर तले 9 प्रत्याशी मैदान में
एनआरएमयू ने यह भी स्पष्ट किया है कि उनका संगठन पारदर्शी प्रबंधन और जवाबदेही सुनिश्चित करेगा, जिससे हर सदस्य को निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिले। यूनियन का मूल सिद्धांत सर्वधर्म समभाव, डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों पर चलना और सदैव कर्मचारी हित को सर्वोपरि रखना है। एनआरएमयू ने कर्मचारियों से अपील की है कि वे अपने मत का सही उपयोग करते हुए एनआरएमयू के बैनर तले खड़े सभी 9 प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं और चुनाव चिह्न पर मोहर लगाकर आमला इंस्टीट्यूट में नया परिवर्तन लाएं।
इस अवसर पर नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन आमला के पदाधिकारी कामरेड योगीराज घोटे, कामरेड नवीन कड़वे, कामरेड कृष्णकांत शर्मा, कामरेड राजेश कोसे और कामरेड ठेपे ने संयुक्त रूप से कहा कि अब वक्त है संगठन को मजबूत बनाने का। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर आमला इंस्टीट्यूट के उज्जवल भविष्य की नींव रखें।




