फुटबॉल विलेज टेमनी की बेटी सरस्वती भलावी का राष्ट्रीय सब जूनियर फुटबॉल टीम में चयन

बैतूल। विकासखंड बैतूल अंतर्गत टेमनी गांव की सरस्वती भलावी ने अपने गांव, जिले और प्रदेश का नाम पूरे देश में रोशन कर दिया है। सरस्वती भलावी का चयन राष्ट्रीय सब जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो असम राज्य के जोरहाट शहर में आयोजित की जा रही है। सरस्वती उन 20 खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें मध्य प्रदेश की सब जूनियर बालिका टीम में स्थान मिला है।
इससे पहले इंटर डिस्ट्रिक्ट सब जूनियर बालिका फुटबॉल टूर्नामेंट महू, इंदौर में आयोजित किया गया था। यह प्रतियोगिता 26 जुलाई से 3 अगस्त तक चली, जिसमें मंडला, बालाघाट, महू, रायसेन, भोपाल, जबलपुर, शहडोल और बड़वानी सहित कुल आठ जिलों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मंडला और शहडोल के बीच हुआ, जिसमें मंडला की टीम विजयी रही।
इस टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 30 बालिका खिलाड़ियों को नेशनल कैंप के लिए चुना गया, जो 4 अगस्त से 13 अगस्त तक महू, इंदौर में आयोजित किया गया। इस कैंप में से 20 खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए मध्य प्रदेश की टीम में अंतिम रूप से चयनित किया गया, जिनमें बैतूल जिले की सरस्वती भलावी का नाम भी शामिल है।
मध्य प्रदेश की यह टीम 14 अगस्त को मुख्य कोच आशीष पिल्लै और टीम मैनेजर चेतना धुर्वे के नेतृत्व में जोरहाट, असम रवाना हुई है। यह राष्ट्रीय सब जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता देशभर की बेहतरीन प्रतिभाओं को मंच देने जा रही है, जिसमें टेमनी की बेटी सरस्वती भलावी भी मैदान पर अपने प्रदर्शन से प्रदेश का परचम लहराएंगी।
टेमनी गांव की विशेषता यह है कि यहां करीब 40 बालिकाएं फुटबॉल का अभ्यास करती हैं। इस गांव में फुटबॉल को लेकर अद्भुत जुनून है और यही कारण है कि स्थानीय लोग इसे फुटबॉल विलेज के नाम से भी जानते हैं। यदि इस गांव को उचित खेल सुविधाएं मिलें तो यहां से कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी उभर सकती हैं। सरस्वती भलावी की इस उपलब्धि पर बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, कोच कृष्णकांत उइके, समाजसेवी हेमंत चंद्र दुबे, धर्मेंद्र पवार, रमेश भाटिया, सारिक खान, नितेश राजपूत और प्रवीण यादव सहित टेमनी फुटबॉल क्लब तथा समस्त ग्रामवासियों ने उन्हें बधाई दी है।




