DB Foundation Organization: चिचोली में बेटियों के भविष्य को संवारने जुटी डीबी फाउंडेशन संस्था
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत एक कार्यशाला का हुआ आयोजन

बेटियों के सम्मान में चिचोली में हुआ प्रेरणादायक आयोजन
बैतूल। चिचोली में डीबी फाउंडेशन संस्था द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छाया चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इस दौरान संस्था के जिला प्रमुख रामचंद्र अखंडे, प्रीतम इवने, सुनील उइके और राकेश वट्टी विशेष रूप से मौजूद रहे।
रामचंद्र अखंडे ने बताया कि डीबी फाउंडेशन बेटियों को बचाने और उन्हें रोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही है। संस्था से अब तक हजारों बेटियां जुड़ चुकी हैं जो समाज में अपने पैरों पर खड़ी होकर सेवा दे रही हैं।
प्रीतम इवने ने कहा कि संस्था में एक बार पंजीयन कराने पर बेटी के जन्म और विवाह दोनों अवसरों पर सहायता दी जाती है। साथ ही बेटियों का उत्साहवर्धन कर उन्हें समय-समय पर पुरस्कार भी प्रदान किए जाते हैं। सुनील उइके ने कहा कि संस्था की ओर से बेटियों को दोहरा लाभ मिलता है। एक बार पंजीयन कराने पर उन्हें जन्म और विवाह के समय सहयोग राशि दी जाती है और साथ ही सुरक्षा बीमा का भी लाभ मिलता है। रोजगार के अवसर मिलने से बेटियां अब अपने परिवार की जिम्मेदारी निभा रही हैं। इस अवसर पर पत्रकार सुरेंद्र बावने ने कहा कि संस्था का प्रयास सराहनीय है जो बेटियों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली बेटियों को मंच पर सम्मानित भी किया। आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां उपस्थित रहीं, जिन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना की।





