महापूजा के लिए कोरकू समाज ने चलाया निवता अभियान
16 फरवरी को होगा कोरकू समाज का गौरवपूर्ण महापूजा आयोजन

बैतूल। कोरकू समाज द्वारा आगामी 16 फरवरी को आयोजित महापूजा के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। समाज ने बैतूल नगर समेत भैंसदेही, भीमपुर, आठनेर और आसपास के आधा सैकड़ा गांवों में निवता (आमंत्रण) अभियान चलाया। इस अभियान में समाज के जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
जिलाध्यक्ष बंडू लिखितकर ने बताया कि समाज के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और आमला, सारणी तथा मुलताई के विधायकों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रण कार्ड देकर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया गया।
महापूजा के कार्यक्रम में बैतूल जिले के विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके सहित मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के अन्य विधायकों ने शामिल होने की सहमति दी है।
– आमंत्रण अभियान में जुटी समाज की युवा टीम
इस महापूजा आयोजन के लिए कोरकू समाज के युवाओं ने भी जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया। युवाओं ने विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके को कार्यक्रम की जानकारी दी, जिस पर उन्होंने आयोजन में शामिल होने और समाज के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। जिलाध्यक्ष बंडू लिखितकर ने बताया कि महापूजा का यह आयोजन कोरकू समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और गौरव को दर्शाता है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे इस महापूजा में सहपरिवार शामिल होकर इसे सफल बनाएं।





