सेवारत सैनिक के खेत में जेसीबी लेकर घुसे दबंग, परिवार के साथ की मारपीट

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दबंगों की गुंडागर्दी आई सामने

बैतूल। जिला मुख्यालय के समीप बरसाली गांव में दबंगों की गुंडागर्दी का शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसमें सेवारत सैनिक और उसके परिवार को खुलेआम मारपीट का शिकार बनाया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दबंगों की यह हरकत साफ दिखाई दे रही है, जहां वे बेखौफ होकर जमीन पर कब्जा करते हुए सैनिक और उसके परिवार के साथ मारपीट कर रहे हैं।

इस मामले में एसपी से शिकायत की गई है।शिकायत के अनुसार ग्राम सचिव मुरलीधर यादव पिता रामचरण यादव, उनके बेटे लवकेश उर्फ लल्लू यादव, दिलीप यादव पिता मोहन यादव, रोहित यादव पिता हरीराम यादव और उनके साथ 50 से अधिक लोगों द्वारा सेवारत सैनिक के खेत में घुसकर मारपीट और गुंडागर्दी की। जेसीबी और ट्रैक्टर लेकर आए इन दबंगों ने खेत में कब्जा करने की कोशिश की, विरोध करने पर सैनिक और उसके परिवार के साथ बर्बरता भी की। यह शर्मनाक घटना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।

सैनिक चंद्रप्रकाश यादव ने बताया कि वे सेना में पदस्थ है, जम्मू कश्मीर में तैनात है। हाल ही में वह छुट्टी पर घर आए हुए हैं। उनका जमीन का विवाद सिविल कोर्ट में लंबित है और उस जमीन पर स्टे ऑर्डर भी जारी है। इसके बावजूद, ग्राम सचिव मुरलीधर यादव पिता रामचरण यादव, उनके बेटे लवकेश उर्फ लल्लू यादव, दिलीप यादव पिता मोहन यादव, रोहित यादव पिता हरीराम यादव और उनके साथ 50 से अधिक लोग जेसीबी और ट्रैक्टर लेकर खेत में घुस गए। जब सैनिक ने कोर्ट का स्टे ऑर्डर दिखाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो दबंगों ने स्टे ऑर्डर फाड़ दिया और गाली-गलौज करने के साथ ही लाठी-डंडों से उनके परिवार पर हमला कर दिया। घटना में चंद्रप्रकाश यादव, उनकी पत्नी और माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

– शिकायत के 2 घंटे बाद पहुंची पुलिस

यादव ने बताया कि उन्होंने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस को मौके पर पहुंचने में दो घंटे लग गए। इस दौरान आरोपियों ने खेत में नाली बना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब जाकर दबंगों को रोका गया। सेवारत सैनिक चंद्रप्रकाश यादव का आरोप है कि जब वे थाने में एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे, तो पुलिस ने उनकी शिकायत पर तीन घंटे तक कोई कार्रवाई नहीं की और मामूली धाराओं में मामला दर्ज किया। घटना के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। चंद्रप्रकाश यादव ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने अपने और अपने परिवार के लिए सुरक्षा की भी मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button