Horrific accident: तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार तीन की मौत
चिल्लोर-नहरपुर जोड़ पर हुआ भीषण हादसा

बैतूल। भीमपुर विकासखंड के चिल्लोर-नहरपुर जोड़ पर बुधवार दोपहर लगभग 2 बजे एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक युवक और दो महिलाओं की जान चली गई। घटना के दौरान तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह दुखद दुर्घटना हुई। मृतकों में 43 वर्षीय सतोकी ऊईके, 45 वर्षीय फौंदू पंदराम और 25 वर्षीय बाइक चालक अनिल वर्टी शामिल हैं।
सतोकी ऊईके और फौंदू पंदराम रिश्ते में समदन थीं, अनिल वर्टी की बाइक पर सवार होकर कालीघोड़ी गांव की ओर जा रही थीं। चिल्लोर-नहरपुर जोड़ पर तेज गति से आ रही बोलेरो वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनिल वर्टी की मौके पर ही मौत हो गई। घायल महिलाओं को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों महिलाओं ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने बताया कि बोलेरो वाहन का मालिक कमोद गांव का सरपंच है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।
भीमपुर जनपद अध्यक्ष भैयालाल इरपाचे ने इस हादसे को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।




