भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं मानवता के लिए प्रेरणा: अतुल कृष्ण शास्त्री
केसर बाग में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में गौ सेवा का महत्व बताया

बैतूल। केसर बाग में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन कथा व्यास पंडित अतुल कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण लीला पुरुषोत्तम अवतार हैं। उनकी प्रत्येक लीला जीव मात्र के परम मंगल का हेतु है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं प्रेम, भक्ति और सेवा का संदेश देती हैं।
कथा व्यास ने बताया कि ब्रज की माधुर्य लीला करते हुए श्रीकृष्ण ने गौ माता की सेवा कर संपूर्ण मानव जाति को गौ सेवा का मार्ग दिखाया। भारतीय वेद लक्षणा गौ माता का महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि गौ माता की सेवा और रक्षा करना हर जीव का परम कर्तव्य है। गौ माता ही संपूर्ण विश्व के कल्याण का आधार हैं। सात वर्ष की आयु में भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों के साथ मिलकर श्री गिरिराज गोवर्धन का पूजन किया। उन्होंने अपनी छोटी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत को उठाकर इंद्र के अहंकार को चूर-चूर कर दिया और गोवर्धन की महिमा को प्रतिष्ठित किया।
कथा व्यास ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं हमें अपने जीवन में धर्म, सेवा और कर्तव्य पालन का पाठ पढ़ाती हैं। गौ माता की सेवा करना धार्मिक कर्तव्य है, यह संपूर्ण मानवता और पर्यावरण के कल्याण का माध्यम है।
श्रीमद् भागवत कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर कथा का श्रवण कर रहे हैं।





