Crime news: ग्राम सिहारी के हनुमान मंदिर में पूजा करते समय बुजुर्ग पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला

बैतूल। रानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम सिहारी में 30 नवम्बर 2024 को श्री हनुमान मंदिर में पूजा कर रहे बुजुर्ग सुन्दरलाल यादव पर कुछ असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला किया। हमला उस समय हुआ जब सुन्दरलाल मंदिर में सायं 6 बजे अपनी नियमित पूजा कर रहे थे। हमलावरों ने धारदार हथियारों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद से सुन्दरलाल यादव की स्थिति बेहद गंभीर है और उन्हें इलाज के लिए नागपुर के निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन के अनुसार इस हमले के पीछे एक साजिश थी और इसमें ग्राम सिहारी के कुछ लोग शामिल थे। हमलावरों में छोटेलाल यादव, उनके पुत्र जगदीश यादव, हरि, कन्हैया, मनोज, बलराम पिता गोरेलाल यादव, घनश्याम पिता गोरेलाल यादव, नितेश यादव और अज्जू यादव के नाम सामने आए हैं। घटना के बाद मनोज यादव ने सुन्दरलाल यादव को धमकी दी कि वह अपना काम कर चुका है, बाकी का काम देख लिया जाएगा।
घटना के बाद परिवार ने पुलिस प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की। सुन्दरलाल यादव ने पहले भी कई बार थाना रानीपुर और वन विभाग के अधिकारियों से अपनी जान को खतरे का हवाला देते हुए शिकायतें की थीं, लेकिन पुलिस की लापरवाही के कारण हमलावरों को कोई डर नहीं था।
सुन्दरलाल के परिजनों ने बताया कि विभिन्न तारीखों में थाना रानीपुर और वन विभाग के अधिकारियों को अपनी जान को खतरे के बारे में बताया था। 29 जून 2022 को बलराम यादव के खिलाफ शिकायत दी गई थी। 28 जुलाई 2022 को घनश्याम यादव और अज्जू यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी, और 4 अक्टूबर 2023 को भी छोटेलाल यादव की शिकायत की गई थी। बावजूद इसके थाना रानीपुर की लापरवाही के कारण कोई भी सख्त कार्रवाई नहीं की गई, जिससे हमलावरों का मनोबल बढ़ गया।
— गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती–
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सुन्दरलाल को रात्रि 7:30 बजे राठी अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया। उनकी स्थिति में कोई सुधार न होने पर उन्हें अगले दिन नागपुर के निजी अस्पताल में भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है, और उनका इलाज आईसीयू में किया जा रहा है।
आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामवासी इस घटना से बेहद आक्रोशित हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से यह अपील की है कि अपराधियों को कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि प्रशासन को अब पर्याप्त सबूत मिल चुके हैं और आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य भी उपलब्ध कराए जाएंगे। सबूतों के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की गई है, ताकि उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।





