Crime news: मजदूर का हाथ तोड़ा,आरोपी फरार, एसपी से गिरफ्तारी की मांग

एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज


बैतूल। थाना बैतूल बाजार अंतर्गत ग्राम पीपला के रहने वाले शिवदीन लोखंडे ने मारपीट के मामले में आरोपी छोटू उर्फ चन्द्रकिशोर निवासी दभेरी के खिलाफ एसपी को ज्ञापन सौंपकर गिरफ्तारी की मांग की है। शिवदीन ने बताया कि वह एक साधारण मजदूर है और उसके परिवार में छह सदस्य हैं। 25 नवंबर 2024 की रात करीब 8 बजे आरोपीगण छोटू उर्फ चन्द्रकिशोर साबले, अशोक दाते, अशोक के बेटे दादा दाते और विक्की दाते ने उनके घर पर धावा बोल दिया।
शिवदीन ने बैतूल बाजार थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि आरोपीगण उनके घर के दरवाजे पर लात मारते हुए जबरन अंदर घुस आए और गालियां देते हुए लोहे की पाइप से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। इस हमले में शिवदीन का एक हाथ टूट गया। जब उनकी पत्नी संगीता ने बचाने की कोशिश की तो आरोपी छोटू ने उसे भी लातों से मारा। शिवदीन की मां शम्मो डर के मारे पलंग के नीचे छिप गई, लेकिन आरोपियों ने उसे भी बाहर निकालकर बेरहमी से पीटा।
इसके बाद आरोपियों ने शिवदीन को जबरन सफेद कार में डालकर अपने गांव दभेरी ले गए। वहां पर छोटू चन्द्रकिशोर ने बांस के डंडे से और विक्की ने लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान छोटू ने शिवदीन का गला दबाते हुए धमकी दी कि यदि किसी को कुछ बताया तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। पीड़ित को पूरी रात एक कमरे में बंद रखा गया। आरोपियों ने उनका मोबाइल भी छीन लिया। शिवदीन ने बताया कि थाने पहुंचने के बाद भी आरोपी अशोक दाते और उसके बेटे ने दबाव बनाया और झूठी शिकायत दर्ज कराई।
एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस घटना के बाद थाना बैतूल बाजार में धारा 331(6), 140, 117(2), 127(2), 296, 351(2), 3(5), 115(2) और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। लेकिन मुख्य आरोपी छोटू उर्फ चन्द्रकिशोर साबले अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
शिवदीन लोखंडे ने एसपी से आग्रह किया कि आरोपी की गिरफ्तारी जल्द से जल्द की जाए। उन्होंने कहा कि आरोपी के फरार होने से उनके परिवार को जानमाल का खतरा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button