Betul news: जल के बिना जीवन की कल्पना नहीं: प्रिया चौधरी
ग्राम जुनावानी में आयोजित हुआ बोरीबंधान कार्यक्रम

बैतूल। जल संरक्षण की महत्ता को रेखांकित करते हुए मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक प्रिया चौधरी ने कहा कि जल के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने यह बात जुनावानी में आयोजित बोरीबंधान कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही। प्रिया चौधरी ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने हमें सदानीरा नदियां, हरे-भरे जंगल और वन संपदाओं से भरपूर प्राकृतिक संसाधन दिए थे, लेकिन हमने अपनी सुख-सुविधाओं के लिए इन संपदाओं का अंधाधुंध दोहन कर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया है। अब इनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी हमारी है, जिसमें जल संरक्षण सबसे महत्वपूर्ण है।

आठनेर विकासखंड समन्वयक मधु चौहान ने जानकारी दी कि आठनेर विकासखंड के सभी सेक्टरों में जल संरक्षण के लिए जनभागीदारी से बोरीबंधान कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज जुनावानी, पांढुरना और अन्य स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बोरपानी के अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य राजू सलामे ने कहा कि जल संरक्षण के लिए सामूहिक और प्रभावी प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा जल है तो कल है। जल ही जीवन है। इसके बिना इस दुनिया की कल्पना करना असंभव है।।कार्यक्रम के पश्चात जिला समन्वयक प्रिया चौधरी ने प्रस्फुटन समितियों और मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता पाठ्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) के छात्रों के साथ बैठक कर जल संरक्षण पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस कार्यक्रम में नवांकुर संस्था सावंगी के अध्यक्ष दिनेश माकोड़े, मेंटर आशुतोष सिंह चौहान, रूपाली पांसे, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति जुनावानी और बोरपानी के सदस्य कृष्णराव धुर्वे, सीताराम धुर्वे, मालती, दिलीप, देहगुड समिति के अध्यक्ष सुभाष सिलधरे और सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं सुरेश इवने, शिवप्रसाद, नीलिमा, राजकन्या, सविता बारस्कर, अनीता, सरिता झाड़े, उमेश, लोकेश, अर्जुन सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन जल संरक्षण के संकल्प के साथ किया गया। आयोजकों ने कहा कि जल संरक्षण को लेकर ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे ताकि हर व्यक्ति इसमें अपनी भूमिका निभा सके।







