डीसीए और बालाजी ने जीते अपने लीग मैच

23 नवंबर को पीपी 11 तथा व्हाइट डेवल के मध्य होगा पहला मैच


बैतूल। जिला जिला क्रिकेट एसोसिएशन बैतूल के तत्वाधान में लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम कोठी बाजार में आयोजित स्वर्गीय बुधराव देशमुख पूर्व विधायक एवं स्व ठाकुर चंद्रचूड़ सिंह किलेदार की स्मृति में राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार 22 नवंबर को पहला मैच डीसीए (एम) और सिटी 11 आमला के मध्य खेला गया। संगठन के सचिव अनिल दत्त दीक्षित ने बताया कि प्रारंभ में खिलाड़ियों से परिचय जिला उद्योग केंद्र के जनरल मैनेजर रोहित डाबर ने प्राप्त किया। कार्यकारी अध्यक्ष डॉ नितिन देशमुख ने बताया कि डीसीए (एम) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। सिटी आमला की टीम की शुरुआत अच्छी रही पहले विकेट के लिए निलेश और मंटू ने 7.5 ओवर में 64 रन बनाए। रन आउट होने से पहले निलेश ने 18 रन बनाए जबकि मंटू ने 44 रन की पारी खेली। 78 रनों पर दूसरा विकेट आशीष के रूप में गिरा। इसके बाद इस मैच के हीरो निखिल रघुवंशी ने जादूई गेंदबाजी करते हुए अपने निर्धारित चार ओवर में 13 रन देकर 5 विकेट लेकर टीम को 118 रनों पर रोक दिया। कप्तान दीपक रघुवंशी ने दो तथा अल्फेज ने एक विकेट लिया। 119 रनों के साधारण स्कोर भी डीसीए (एम) पर भारी पड़ा। पहला विकेट निखिल रघुवंशी के रूप में 14 रनों पर ही गिर गया। दो विकेट 19 रनों पर तथा तीसरा विकेट 30 रनों पर गिरा। पवन मालवीय और साहिल कवड़े ने क्रमशः 29 और 30 रन बनाकर टीम को दो विकेट से जीत दिला दी। अंपायर मनोज दहिकर और पल्लवी यादव तथा स्कोरर दर्शिता जैन थी। आमला की ओर से अमित, रितेश और मंटू ने दो-दो विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार निखिल को दिया गया। दूसरा मैच डीसीए जूनियर और बालाजी 11 के मध्य खेला गया। डीसीए के कप्तान वंश ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बालाजी ने देबू के 62 रन तथा फैजल के नाबाद 23 रनों की मदद से 145 रन बनाए। डीसीए की ओर से वरुण ने दो तथा सक्षम, वेदांत और आदित्य ने एक-एक विकेट गिराए। इस मैच में मुख्य अतिथि वीवीएम कॉलेज के डायरेक्टर एवं प्राचार्य डॉक्टर कृष्णा खासदेव थे। इस अवसर पर संगठन के सदस्य नरेंद्र ठाकुर, रमन ठाकुर, प्रवीण गर्ग उपस्थित थे। डीसीए जूनियर के विकेट लगातार गिरते रहे तथा मैच 44 रनों से हार गई। मैन ऑफ द मैच बालाजी 11 के देबू रहे। संगठन के अध्यक्ष जगेंद्र तोमर ने बताया कि आज 23 नवंबर को दो मैच खेले जाएंगे पहला मैच पीपी 11 तथा व्हाइट डेवल तथा दूसरा मैच बैतूल अकैडमी और डीसीए सीनियर के मध्य होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button