Murder Of Daughter : पत्नी से हुआ विवाद तो एक साल की बेटी को जमीन पर दो बार पटक कर मार डाला

Murder Of Daughter : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक पिता के सिर पर ऐसा खून सवार हुआ कि उसने गुस्से में अपनी एक साल की बेटी को दो बार जमीन पर पटककर मौत के घाट उतार डाला। पुलिस ने हत्यारे पिता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। यह दर्दनाक घटना बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम मानी में 2 नवंबर को हुई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सोनोरा निवासी तुकाराम पिता झोरे शेलूकर (उम्र 30 वर्ष) अपनी बहन जसवंती के घर ग्राम मानी अपनी पत्नी लक्ष्मी और एक वर्ष की मासूम बेटी छतरु उर्फ राजवंती के साथ मेहमानी में आया था। घटना के समय तुकाराम और उसकी पत्नी लक्ष्मी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके कारण तुकाराम को अत्यधिक क्रोध आ गया। तुकाराम ने अपनी ही मासूम बेटी छतरु उर्फ राजवंती को गुस्से में उठाकर दो बार जमीन पर जोर से पटक दिया।

इस दर्दनाक कृत्य के परिणामस्वरूप बच्ची के कानों से खून बहने लगा। तुकाराम की बहन जसवंती ने बच्ची की हालत देखकर उसे तुरंत तुकाराम से अलग किया और इलाज के लिए गांव के स्थानीय दवाखाने लेकर गई। हालत गंभीर देखते हुए बच्ची को मोर्शी महाराष्ट्र के अस्पताल भेजा गया, जहां बच्ची को उसके पिता तुकाराम द्वारा भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम बच्ची की मौत हो गई।

इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलते ही आठनेर पुलिस द्वारा बालिका की हत्या के जुर्म में आरोपी तुकाराम पिता जगलिया शेलूकर के खिलाफ धारा 103 बी.एन.एस. (भारतीय दंड संहिता के तहत हत्या) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी तुकाराम को दिनांक 05/11/2024 को गिरफ्तार किया और उसे माननीय न्यायालय भैंसदेही में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button