Big Breaking : बैतूल जिले में बेखौफ काटा जा रहा जंगल, रातों रात ट्रक में भरकर सागौन ले जा रहे थे तस्कर

Big Breaking: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सागौन के तस्करों के सामने वन विभाग का अमला बौना साबित हो रहा है। सागौन तस्कर जंगल में घुसकर बड़ी आसानी से बड़े बड़े सागौन के पेड़ों की आरे से कराई कर रहे हैं और इनका परिवहन करने के लिए जंगल में ट्रक भी लेकर पहुंच रहे हैं।

तस्करों के बेखौफ कारनामे का प्रमाण शुक्रवार रात में उत्तर वन मंडल की बैतूल रेंज में मिल गया है। बैतूल रेंज के अर्जुन गोंदी सर्किल में रिजर्व फारेस्ट में खारी बीट से सागौन की बड़े पैमाने पर कटाई की गई है। सागौन तस्कर रात में ट्रक से सागौन ले जाने का प्रयास कर रहे थे।

इसी दौरान सूचना वन विभाग को मिल गई। विभाग के अफसरों ने मौके पर पहुंचकर ट्रक सहित साढ़े तीन लाख रुपए मूल्य के सागौन के 17 लट्ठे जब्त कर लिए हैं। इस कारवाई में सबसे हैरानी की बात यह है कि वन विभाग को मौके पर न तो तस्कर मिले और न ट्रक चलाने वाला या सागौन के लट्ठे ट्रक में भरने वाले ही मिले।
वन अपराध दर्ज किया
बैतूल रेंज के रेंजर ने प्रेस नोट जारी कर जानकारी दी है कि परिक्षेत्र अधिकारी बैतूल (सा0) के नेतृत्व में दल गठित कर मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर बीट खारी वन परिक्षेत्र बैतूल (सा०) के वन कक्ष क्रमांक RF 247 में गीला सागौन से भरा ट्रक क्रमांक MP04GB3188 अशोंक लेलैंड मिनी ट्रक में सागौन लड्डा 17 नग जिसका अनुमानित मूल्य 3,50,000/- का वनोपज सहित ट्रक बरामद किया ।
वन सेवको द्वारा घेराबंदी कर आरोपियो को पकडने का प्रयास किया परंतु रात्रि के अंधेरे में एवं सघन वन एवं पहाडी क्षेत्र होने के कारण आरोपी भागने में सफल हो गये। जिसका वन अपराध प्रकरण क्रमांक 72/61 दिनांक 19.10.2024 में भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26, 41 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।




