Crime News Today : यूपी के बदमाशों ने एमपी से बोलेरो चुराई, महाराष्ट्र में लूट की और मंडला में बेच दी

भैंसदेही पुलिस ने सांवलमेंढा से चोरी की गई बोलेरो जीप को मंडला से बरामद किया, आरोपी भाग निकला

Crime News Today : बैतूल। यूपी के बदमाशों ने मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में भैंसदेही थाना क्षेत्र के सांवलमेंढा से बोलेरो जीप चोरी की और उससे महाराष्ट्र के अमरावती में दुकान के सामने व्यापारी को रोककर जेवरात लूटकर भाग गए थे। भैंसदेही पुलिस ने आरोपियों का पता लगाया और चोरी की गई जीप को मंडला से बरामद कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सांवलमेढा निवासी कपिलराज पिता महादेव टेकाम के घर के सामने से 28 अगस्त को बोलेरो जीप चोरी कर ली गई थी। पुलिस ने रिपोर्ट पर धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। पुलिस की टीम ने सिरजगांव, करजगांव, परतवाड़ा, अमरावती आदि स्थानों पर तलाशी की। इसी दौरान चोरी किए गए वाहन से चोरों द्वारा अमरावती में लूट की घटना को अंजाम देने की जानकारी मिली।

लूट के आरोपियों के प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश का होने का पता लगने पर पुलिस टीम ने प्रतापगढ़ पहुंचकर लूट के आरोपी धनंजय यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि पूर्व में गिरफ्तार आरोपी ग्यासुद्दीन खान ने जीप चोरी कर मंडला में आजम खान को बेच दी थी। पुलिस की टीम ने मंडला पहुंचकर आजम खान के घर पर दबिश दी तो वह भागने में सफल हो गया। पुलिस ने उसके घर से चोरी की गई जीप को जब्त कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button